रांची: राजधानी रांची में गणेश चतुर्थी, करम पर्व, दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और काली पूजा को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों के साथ सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने पूजा समितियों को पंडाल बनाते समय सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया। पंडाल में पर्याप्त प्रवेश-निकास मार्ग, आपातकालीन निकासी की व्यवस्था, सुरक्षित विद्युत वायरिंग और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखना जरूरी होगा।
बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूजा पंडाल या तोरण द्वार बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर अथवा अन्य विद्युत ढांचे से सटाकर नहीं बनाए जाएंगे। बिजली विभाग को पूजा स्थलों का निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
विसर्जन वाहनों की होगी जांच
प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य रहेगा। पूजा समितियों को प्रशासन की ओर से निर्धारित विसर्जन मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की एमवीआई जांच के साथ चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी सत्यापित किया जाएगा। इसके अलावा चालक का नो-एल्कोहोल टेस्ट कराने के बाद ही वाहन को विसर्जन में शामिल करने की अनुमति होगी। पूजा समितियों से इस संबंध में अंडरटेकिंग लेने का भी निर्देश दिया गया है।
करम और छठ पर्व पर घाटों की व्यवस्था पर जोर
करम पर्व के दौरान तालाबों और पूजा स्थलों पर संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम को साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया है। आवश्यकता पड़ने पर क्रेन की व्यवस्था रखने का निर्देश भी दिया गया है।
वहीं, छठ पूजा को लेकर सभी घाटों की समय पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित रास्ते और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। अधिक भीड़ वाले घाटों पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
दीपावली में ट्रैफिक और पटाखों पर निगरानी
दीपावली के दौरान बाजारों और प्रमुख इलाकों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखने को कहा गया है। प्रशासन पटाखों की बिक्री और उपयोग से संबंधित नियमों के पालन की निगरानी करेगा।
प्रतिबंधित अथवा असुरक्षित पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को बाजारों और दुकानों में जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व-त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। पंडाल निर्माण, विद्युत व्यवस्था या विसर्जन के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसपी सिटी पारस राणा, एसपी ग्रामीण गौरव गोस्वामी, एसपी ट्रैफिक राकेश सिंह, एसडीओ सदर कुमार रजत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
