रांची: पैनआईआईटी एलुम्नाई रीच फॉर झारखंड (PREJHA) फाउंडेशन अपने कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों के लिए ग्रुप मेडिकल हेल्थ इंश्योरेंस उपलब्ध कराने की तैयारी में है। इसके लिए फाउंडेशन ने योग्य बीमा एजेंसियों से ऑनलाइन निविदा आमंत्रित की है। इच्छुक एजेंसियां 19 सितंबर 2026 की रात 8 बजे तक अपनी बोली जमा कर सकती हैं।
प्रस्तावित बीमा योजना में कर्मचारियों के साथ उनके परिवार के सदस्यों को भी विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने का प्रावधान है। पॉलिसी के तहत प्रसूति या डिलीवरी से संबंधित खर्च के लिए 60 हजार रुपये तक का कवरेज निर्धारित किया गया है।
पुरानी बीमारियां भी होंगी कवर
ग्रुप हेल्थ इंश्योरेंस की खास बात यह है कि इसमें पॉलिसी लेने से पहले से मौजूद बीमारियों को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए किसी तरह का वेटिंग पीरियड नहीं रखा गया है। यानी पॉलिसी प्रभावी होने के पहले दिन से ही पहले से चली आ रही बीमारियों के इलाज का खर्च कवर के दायरे में रहेगा।
इसके अलावा अस्पताल में भर्ती होने से 30 दिन पहले तक के इलाज संबंधी खर्च और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 60 दिन तक होने वाले संबंधित चिकित्सा खर्च को भी बीमा में शामिल किया जाएगा।
कमरे और ICU के खर्च पर नहीं होगी सीमा
प्रस्तावित पॉलिसी में अस्पताल के कमरे के किराये और ICU से जुड़े खर्च पर कोई अधिकतम सीमा तय नहीं की गई है। इससे बीमित कर्मचारियों और उनके आश्रितों को अस्पताल में इलाज के दौरान व्यापक कवरेज मिलने की उम्मीद है।
बीमा एजेंसी के लिए तय हैं शर्तें
निविदा में भाग लेने वाली बीमा एजेंसी का IRDAI में पंजीकृत होना अनिवार्य है। इसके साथ ही एजेंसी के पास झारखंड में कैशलेस इलाज की सुविधा देने वाले कम से कम 100 सक्रिय नेटवर्क अस्पताल होने चाहिए।
एजेंसी के चयन में तकनीकी योग्यता के साथ-साथ सबसे कम बोली को भी आधार बनाया जाएगा। इसके अलावा पिछले तीन वित्तीय वर्षों के दौरान एजेंसी का औसत क्लेम सेटलमेंट रेशियो कम से कम 90 प्रतिशत होना जरूरी है।
ऑनलाइन होगी पूरी निविदा प्रक्रिया
PREJHA की ओर से निविदा प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। बीमा एजेंसियों को mjunction पोर्टल के माध्यम से अपनी बोली जमा करनी होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 सितंबर 2026 को तकनीकी बोली खोली जाएगी।
