Monday, April 6, 2026

Pragati Yatra: CM नीतीश ने औरंगाबाद को दी 554 करोड़ की सौगात, 195 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

Share

Pragati Yatra: मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार औरंगाबाद जिले में अब तक कई विकास कार्य करा चुकी है, लेकिन जो अधूरे रह गए हैं या जिनमें सुधार की जरूरत है, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के तहत मंगलवार को औरंगाबाद जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने 554.19 करोड़ रुपये की लागत से कुल 195 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 79 योजनाओं का उद्घाटन (127.43 करोड़ रुपये) और 116 योजनाओं का शिलान्यास (428.76 करोड़ रुपये) शामिल था।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बेढनी पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत भवन में मौजूद पुस्तकालय, मुखिया कक्ष, राजस्व कर्मचारी कार्यालय और पंचायत सचिव कक्ष का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने सात निश्चय योजना के तहत हर घर नल का जल, पक्की गली-नाली, मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट और आवास योजना के क्रियान्वयन को भी देखा और स्थानीय लोगों से उनकी राय ली।

सूर्य मंदिर देव में की पूजा, अधिकारियों को दिए निर्देशइसके बाद मुख्यमंत्री ने औरंगाबाद के प्रसिद्ध सूर्य मंदिर, देव में पूजा-अर्चना कर बिहार की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने सिंचाई कॉलोनी देव में प्रस्तावित रिंग रोड निर्माण और औरंगाबाद मेडिकल कॉलेज के लिए चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों से इन योजनाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए उन्होंने मेडिकल कॉलेज तक बेहतर सड़क संपर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने देव सूर्य कुंड और रुद्र कुंड परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सूर्य कुंड में हमेशा पानी रहे और इसका सौंदर्यीकरण इस तरह से किया जाए कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। उन्होंने छठ पर्व से पहले रेडियल रोड निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया ताकि इस दौरान यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से आवागमन की सुविधा मिल सके। नवनिर्मित मॉडल अस्पताल का उद्घाटनऔरंगाबाद सदर अस्पताल में नौ मंजिला नवनिर्मित मॉडल अस्पताल भवन का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने इसका निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस अस्पताल में शीघ्र ही लिफ्ट लगाई जाए ताकि मरीजों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में दिक्कत न हो। इसके बाद मुख्यमंत्री अदरी नदी पर प्रस्तावित रिवर फ्रंट परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि अदरी नदी का सौंदर्यीकरण जल्द से जल्द पूरा किया जाए। नदी के दोनों किनारों पर 1500 मीटर लंबाई में रिवर फ्रंट, पार्क, ओपन जिम और बैठने की व्यवस्था विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही 2500 मीटर लंबाई में जलनिकासी नाले का निर्माण प्रस्तावित है ताकि शहर की गंदगी नदी में न जाए और इसका जल प्राकृतिक रूप से साफ बना रहे।

अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विद्यालय का उद्घाटनमुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, कुशी औरंगाबाद का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यालय भवन, पुस्तकालय और बहुउद्देशीय कक्ष का निरीक्षण किया और छात्राओं से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को मेहनत से पढ़ाई करने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। जीविका दीदियों की सराहना कीइसके बाद मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि 2006 में जब उन्होंने बिहार में जीविका योजना शुरू की थी, तब राज्य में स्वयं सहायता समूहों की संख्या बहुत कम थी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने विश्व बैंक से कर्ज लेकर इसे बढ़ावा दिया और आज लाखों महिलाएं इससे जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब शहरी क्षेत्रों में भी जीविका समूहों का विस्तार किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और मुख्यमंत्री निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत लाभुकों को सांकेतिक चेक और चाबी वितरित किए। महिलाओं के उत्थान पर जोरपत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को लेकर सख्त है और कोई भी अधिकारी या कर्मचारी गलत कामों में लिप्त पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं की स्थिति में काफी सुधार हुआ है और जीविका योजना ने इसमें अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे समाज में अपनी पहचान बना रही हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों और नेताओं की उपस्थितिइस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, लघु जल संसाधन मंत्री एवं औरंगाबाद जिला के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन, विधायक आनंद शंकर सिंह, विधायक राजेश कुमार, विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह, पूर्व विधायक राजन सिंह, पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह, जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्थानीय लोगों की मांगों पर विशेष ध्यान देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की, जिनमें रिंग रोड, ट्रॉमा सेंटर, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम, नहरों का पुनरुद्धार, पर्यटन क्षेत्र का विकास और सड़कों के विस्तार जैसी कई योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार औरंगाबाद जिले में अब तक कई विकास कार्य करा चुकी है, लेकिन जो अधूरे रह गए हैं या जिनमें सुधार की जरूरत है, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय निवासियों को भरोसा दिलाया कि हर क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मिलेगा बढ़ावामुख्यमंत्री ने देव नगर पंचायत में ऐतिहासिक सूर्य मंदिर तक श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए रिंग रोड के निर्माण की घोषणा की। इससे देव नगर पंचायत में यातायात का दबाव कम होगा और इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा औरंगाबाद शहर में अदरी नदी पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना शुरू करने की घोषणा भी की गई। इस योजना के तहत नदी के एक ओर सड़क बनाई जाएगी, जो शहर के लिए बाईपास का काम करेगी। वहीं, दूसरी ओर पार्क का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सूर्य मंदिर के पास सूर्य कुंड और रुद्र कुंड परिसर से एसएच-101 तक ग्रीनफील्ड संपर्क पथ का निर्माण भी किया जाएगा। इससे छठ पूजा और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान होने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी। जल संसाधनों के विकास से किसानों को मिलेगी राहतबिशुनपुर कैनाल के पुनर्निर्माण की घोषणा की गई, जो पहले सक्रिय था लेकिन एनटीपीसी नवीनगर के अधिष्ठापन के बाद बंद हो गया था। इसके पुनः चालू होने से लगभग 15 गांवों की 2500 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही मदनपुर प्रखंड के चांद बिगहा गांव में केशहर नदी पर चेक डैम के निर्माण की घोषणा भी की गई, जिससे स्थानीय किसानों को सिंचाई में काफी सुविधा होगी। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, मिलेगा नया मेडिकल कॉलेजमुख्यमंत्री ने औरंगाबाद जिले में एक नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण की घोषणा की। इसके लिए भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे जल्द ही मेडिकल कॉलेज की स्थापना हो सकेगी और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रॉमा सेंटर के निर्माण की भी घोषणा की गई। एनएच-19 और एनएच-139 के अलावा कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले इस जिले में प्रतिदिन 25 से 30 सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। लेकिन गया और कैमूर के बीच कोई ट्रॉमा सेंटर नहीं है। इस ट्रॉमा सेंटर के बनने से सड़क हादसों में घायलों को समय पर इलाज मिल सकेगा। खेल और शिक्षा को भी मिलेगा बढ़ावाऔरंगाबाद जिले में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जिससे जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आधुनिक खेल सुविधाएं प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री ने बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि अगर औरंगाबाद में केंद्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव आता है, तो इसके लिए राज्य सरकार आवश्यक जमीन उपलब्ध कराएगी। बेहतर प्रशासनिक सेवाओं के लिए नए कार्यालय भवनऔरंगाबाद जिले में मदनपुर, नवीनगर, हसपुरा, गोह, ओबरा, दाउदनगर और औरंगाबाद प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के निर्माण की भी घोषणा की गई। इससे प्रशासनिक सेवाओं में सुधार होगा और लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने में अधिक सहूलियत मिलेगी। सड़क और बाइपास परियोजनाओं से आवागमन होगा सुगमरफीगंज में बाइपास सड़क के निर्माण की घोषणा की गई, जिससे इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर किया जा सकेगा। इसके अलावा अगर जम्होर पंचायत नगर पंचायत बनने की सभी शर्तें पूरी करता है, तो उसे नगर पंचायत का दर्जा देने की कार्रवाई भी की जाएगी।

Read more

Local News