Tuesday, August 25, 2026

PlayStation Digital Games: Sony ने यूजर्स को बताया, डिजिटल गेम खरीदना नहीं बल्कि लाइसेंस लेना है.

Share

हैदराबाद: PlayStation यूजर्स के बीच डिजिटल गेम्स की ओनरशिप को लेकर चर्चा तेज हो गई है। Sony ने हाल में कई यूजर्स को ईमेल भेजकर PlayStation की शर्तों और डिजिटल प्रोडक्ट के इस्तेमाल से जुड़े नियमों की जानकारी दी है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि PlayStation Store से डिजिटल गेम डाउनलोड करने पर यूजर को गेम का पूर्ण स्वामित्व नहीं मिलता, बल्कि उसके इस्तेमाल का लाइसेंस मिलता है।

भारत में भी PlayStation यूजर्स को कंपनी की ओर से ऐसा ईमेल प्राप्त हुआ है। संदेश में PlayStation के Terms of Service, Code of Conduct, End User License Agreement और Privacy Policy से संबंधित जानकारी शामिल है।

डिजिटल गेम खरीदने पर क्या मिलता है?

Sony के नियमों के मुताबिक, डिजिटल सॉफ्टवेयर को यूजर को बेचा नहीं जाता, बल्कि इस्तेमाल के लिए लाइसेंस दिया जाता है। यह लाइसेंस सीमित, व्यक्तिगत और गैर-व्यावसायिक उपयोग के लिए होता है।

इसका मतलब है कि PlayStation Store से गेम डाउनलोड करने के बाद यूजर उसे कंपनी की निर्धारित शर्तों के तहत खेल सकता है, लेकिन डिजिटल गेम की कॉपी पर सामान्य अर्थों में मालिकाना अधिकार हासिल नहीं करता।

भारत में भेजे गए संदेश में भी कंपनी ने डिजिटल प्रोडक्ट को लेकर इसी तरह की शर्तें बताई हैं। इसमें कहा गया है कि PlayStation Store से डिजिटल सामग्री खरीदने या डाउनलोड करने पर व्यक्तिगत लाइसेंस मिलता है। इसे किसी अन्य व्यक्ति को ट्रांसफर करने की अनुमति सामान्य तौर पर नहीं होती, हालांकि स्थानीय कानून जहां लागू हो वहां अलग स्थिति हो सकती है।

अकाउंट पर कार्रवाई का असर गेम एक्सेस पर भी पड़ सकता है

PlayStation की शर्तों में अकाउंट और डिजिटल कंटेंट के इस्तेमाल से जुड़े कई प्रावधान हैं। यदि किसी यूजर का अकाउंट निलंबित किया जाता है, तो उसके कुछ पेड डिजिटल कंटेंट तक पहुंच प्रभावित हो सकती है।

इसी तरह किसी डिजिटल प्रोडक्ट का किसी बाहरी सेवा या अकाउंट से जुड़ा होना भी महत्वपूर्ण हो सकता है। संबंधित लिंक हटाने या सेवा से जुड़े बदलाव की स्थिति में गेम या अन्य डिजिटल कंटेंट तक पहुंच पर असर पड़ सकता है।

कंपनी की रिफंड और कैंसलेशन शर्तें भी लागू होती हैं। कुछ परिस्थितियों में डाउनलोड शुरू होने के बाद डिजिटल खरीदारी को रद्द करने का विकल्प सीमित हो सकता है।

2028 से फिजिकल गेम डिस्क को लेकर बड़ा बदलाव

Sony की डिजिटल रणनीति को लेकर यह जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब कंपनी के फिजिकल गेम्स से जुड़े भविष्य के फैसले पर भी चर्चा चल रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2028 से नई PlayStation गेम्स के लिए फिजिकल डिस्क का उत्पादन बंद करने की योजना है। इसके बाद नई गेम्स को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने पर ज्यादा जोर होगा।

इस बदलाव ने गेमर्स के बीच डिजिटल ओनरशिप, गेम प्रिजर्वेशन और कंज्यूमर राइट्स को लेकर बहस तेज कर दी है। कई यूजर्स का मानना है कि फिजिकल कॉपी उपलब्ध नहीं होने पर गेम्स को लंबे समय तक सुरक्षित रखने और भविष्य में दोबारा एक्सेस करने से जुड़े सवाल और महत्वपूर्ण हो जाएंगे।

गेम प्रिजर्वेशन को लेकर भी विरोध

डिजिटल गेम्स की नीति को लेकर कुछ गेमिंग और गेम-प्रिजर्वेशन समूहों ने भी चिंता जताई है। इनमें से एक समूह ने अगस्त में PlayStation के बहिष्कार की अपील करते हुए यूजर्स से खरीदारी और सब्सक्रिप्शन पर पुनर्विचार करने को कहा है।

हालांकि, कंपनी की ओर से अपनी डिजिटल रणनीति को लेकर रुख में बड़े बदलाव का संकेत नहीं दिया गया है। Sony की ओर से पहले भी डिजिटल कारोबार और बदलते गेमिंग बाजार के अनुरूप रणनीति तैयार करने की बात कही गई है।

गेमर्स के लिए नियम समझना क्यों जरूरी?

डिजिटल गेम खरीदते समय यूजर्स के लिए यह समझना महत्वपूर्ण है कि भुगतान करने का मतलब हमेशा डिजिटल कंटेंट का पूर्ण मालिक बन जाना नहीं होता। कई सेवाओं में उपयोग की अनुमति लाइसेंस की शर्तों के आधार पर मिलती है।

इसलिए PlayStation यूजर्स को गेम खरीदने से पहले लाइसेंस, रिफंड, अकाउंट सस्पेंशन, थर्ड-पार्टी लिंकिंग और डिजिटल कंटेंट की पहुंच से जुड़े नियमों को समझना चाहिए। आने वाले वर्षों में यदि गेमिंग का कारोबार और ज्यादा डिजिटल होता है, तो इन शर्तों की अहमियत भी बढ़ सकती है।

Read more

Local News