Patna News: पटना में ट्रैफिक की समस्या को दूर करने के लिए दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड का निर्माण तेजी से चल रहा है. रविवार को डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया और बताया कि यह सितंबर 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगी.
पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने रविवार को दानापुर में बन रही दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड, कन्हौली बस टर्मिनल और कुछ अन्य योजनाओं का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि यह बड़ा प्रोजेक्ट सितंबर 2026 तक पूरा हो जाएगा. इसके बन जाने से पटना में ट्रैफिक की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और लोगों को आने-जाने में बहुत आसानी होगी
लोगों को आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी
डीएम त्यागराजन ने निरीक्षण के दौरान सगुना मोड़-खगौल रोड पर गाड़ीखाना के पास बन रहे रैंप, कन्हौली से शेरपुर तक की सड़क, पाटलि बस स्टेशन और दानापुर-बिहटा रोड के अलग-अलग हिस्सों को देखा. उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड बनने से पटना और बिहटा के बीच सफर करना और भी आसान और तेज हो जाएगा, जिससे लोगों को आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी.
कितना भूमि अधिग्रहण हुआ
डीएम त्यागराजन ने बताया कि अब तक 22 गांवों की 104 एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है और 1067 रैयतों को 154.94 करोड़ रुपये मुआवजा भी दिया जा चुका है. जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को शेष मुआवजा वितरण शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया है ताकि परियोजना में कोई बाधा न आए.



