Wednesday, March 18, 2026

Oura Ring 4 भारतीय यूजर्स की नींद को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है क्योंकि भारतीय औसतन 6 घंटे 28 मिनट ही सोते हैं.

Share

ओरा रिंग 4 को आखिरकार भारत में लॉन्च कर दिया गया है. दुनिया की सबसे भरोसेमंद और लोकप्रिय स्मार्ट रिंग कंपनियों में से एक Oura ने अपने लेटेस्ट वेयरेबल को भारतीय मार्केट में लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इस रिंग को डेली पहनने के लिए डिज़ाइन किया है. कंपनी का मकसद इसके जरिए लोगों की नींद, एक्टिविटी, हार्ट हेल्थ, स्ट्रेस लेवल समेत हेल्थ पैरामीटर्स पर डेटा बेस्ड जानकारी देना है, ताकि लोग अपनी सेहत का पूरा ख्याल रख सकें.

भारतीयों का स्लिप रिकॉर्ड

इस रिंग को लॉन्च करने के साथ ही कंपनी ने एक नई रिपोर्ट भी शेयर की है, जिसका नाम India: The State of Sleep 2026 है. इस रिपोर्ट में भारतीय यूज़र्स की नींद की आदतों को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय ओरा मेंबर्स औसतन रात में सिर्फ 6 घंटे 28 मिनट ही होते हैं, जो दुनिया के सबसे ज्यादा सोने वाले देशों से करीब 40 मिनट कम है.

इसमें सबसे ज्यादा चिंतता की बात यह है कि भारत में रेम और डीप स्लिप का स्तर दुनिया में सबसे कम है. यूज़र्स हर हफ्ते ग्लोबल औसत से 1 घंटे से ज्यादा रेम स्लीप खो रहे हैं. ज्यादातर लोग शाम की ओर झुके हुए क्रोनोटाइप के हैं, यानी 59% यूजर्स नाइट आउल टाइप के हैं. भारत के ज्यादातर लोगों का औसतन बेडटाइम रात 12:14 बजे और वेक-अप टाइम सुबह 7:43 बजे है. दिलचस्प बात यह कि भारतीय यूजर्स दुनिया में सबसे लंबी झपकियां लेते हैं, जिसकी टाइमिंग औसतन 53 मिनट है और ये ज्यादातर सोमवार को ली जाती हैं.

हालांकि वीकडे और वीकेंड का स्लीप शेड्यूल काफी स्थिर है, लेकिन देर रात तक जागने और व्यस्त दिनचर्या की वजह से ज्यादातर लोग स्लीप डेट बना रहे हैं. लंबी झपकियां कुछ हद तक भरपाई कर रही हैं, फिर भी कई लोग सुबह उठकर थके हुए महसूस करते हैं. यह रिपोर्ट साफ बताती है कि काम के ग्लोबल शेड्यूल और लेट नाइट रूटीन भारतीयों की नींद को चुरा रहे हैं.

Oura Ring 4 की खासियतें

ओरा रिंग 4 को हेल्थ ट्रैकिंग और रोजाना आरामदायक पहनने के लिए बनाया गया है. इसका पूरा बॉडी टाइटेनियम से बना है, जिसमें रिसेस्ड सेंसर्स दिए गए हैं. इसका वजन सिर्फ 3.3 से 5.2 ग्राम तक है, जो इसे पहनने में बहुत हल्का बनाता है. यह 4 से 15 तक के साइज में उपलब्ध है और छह कलर्स में आती है, जिनमें सिल्वर, ब्लैक, ब्रश्ड सिल्वर, स्टेल्थ, गोल्ड और रोज गोल्ड शामिल हैं.

रिंग में मल्टी-वेवलेंथ सेंसर्स हैं, जो 18 अलग-अलग सिग्नल पाथवे से डेटा लेते हैं. एआई पावर्ड ओरा एडवाइजर पर्सनलाइज्ड इनसाइट्स देता है. यह 50 से ज्यादा हेल्थ मेट्रिक्स ट्रैक करती है, जिसमें नींद के स्टेज, हार्ट रेट, एचआरवी, SPO2, स्लीप रेस्पिरेशन, स्ट्रेस, मेटाबॉलिक हेल्थ और महिलाओं की हेल्थ शामिल हैं. ऐप में स्लीप स्टेजिंग, फर्टिलिटी प्रेडिक्शन, नैप डिटेक्शन, डेटाइम स्ट्रेस ट्रैकिंग और कार्डियोवस्कुलर एज जैसी सुविधाएं हैं. बैटरी 5 से 8 दिन तक चलती है. कंपनी का दावा है कि यह रिंग 100 मीटर तक गहरे पानी में जाने के बाद खराब नहीं होती है. यह एंड्रॉयड और आईओएस दोनों पर काम करती है और इसमें 40 से ज्यादा ऐप्स के साथ कनेक्ट होती है.

कीमत और उपलब्धता

ओरा रिंग 4 कल 18 मार्च 2026 से बिक्री पर आ गई है. इसे देशभर के 100 से ज्यादा क्रोमा स्टोर्स पर और अमेजन पर खरीदा जा सकता है.

  • सिल्वर और ब्लैक कलर वाले रिंग की कीमत: 28,900 रुपये
  • स्टेल्थ, ब्रश्ड सिल्वर, गोल्ड और रोज गोल्ड कलर वाले रिंग की कीमत: 39,900 रुपये

इस रिंग के साथ ऐप के सभी फीचर्स का फायदा उठाने के लिए यूज़र्स को ओरा मेंबरशिप लेनी जरूरी होती है, जिसकी कीमत 599 रुपये प्रति महीना होती है. अगर आप अपनी नींद और स्वास्थ्य को बेहतर बनाना चाहते हैं तो ओरा रिंग 4 एक अच्छा ऑप्शन साबित हो सकता है, लेकिन सब्सक्रिप्शन मॉडल का ध्यान जरूर रखें, क्योंकि उसके लिए आपको मंथली पैसे खर्च करने होंगे और उसके बिना आप इस रिंग के सभी फीचर्स का फायदा नहीं उठा पाएंगे.

Read more

Local News