दुनिया की जानी-मानी एआई कंपनी OpenAI ने एक और बड़ा फंडिंग राउंड पूरा किया है. कंपनी ने Amazon, Nvidia और SoftBank जैसे दिग्गज निवेशकों से कुल 110 बिलियन डॉलर जमा किए हैं. इस निवेश के बाद कंपनी का प्री-मनी वैल्यूएशन 730 बिलियन डॉलर आंकी गई है, जो टेक इंडस्ट्री में इसे बेहद मजबूत स्थिति में खड़ा करती है.
इस फंडिंग राउंड में अमेज़न सबसे आगे है. कंपनी ने ओपनएआई में कुल 50 बिलियन डॉलर लगाने का ऐलान किया है. इसमें से 15 बिलियन डॉलर की शुरुआती राशि दी जाएगी, जबकि बाकी 35 बिलियन डॉलर तय शर्तों के आधार पर आने वाले महीनों में निवेश किए जाएंगे.
वहीं, Nvidia और SoftBank 30-30 बिलियन डॉलर का निवेश करेंगे. कंपनी को उम्मीद है कि आगे और भी वित्तीय निवेशक यानी फाइनेंशियल इन्वेस्टर्स इस राउंड में जुड़ सकते हैं. OpenAI ने अपने ब्लॉग पोस्ट में कहा कि ये नई पार्टनरशिप कंपनी का ग्लोबल एक्सेस बढ़ाने, इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने और बैलेंस शीट को सशक्त बनाने में मदद करेंगी.
OpenAI की सभी पार्टनरशिप
कंपनी का कहना है कि इसका मकसद एडवांस एआई टेक्नोलॉजी ज्यादा से ज्यादा लोगों, बिजनेस और कम्युनिटीज तक पहुंचाना है. OpenAI और Amazon के बीच हुई बहुत सालों से रणनीतिक साझेदारी के तहत AWS और OpenAI मिलकर एक स्टेटफुल रनटाइम एनवायरमेंट (Stateful Runtime Environment) तैयार करेंगे.
यह Amazon Bedrock पर उपलब्ध होगा, जिससे AWS के ग्राहक बड़े स्तर पर जनरेटिव एआई एप्लिकेशन और एआई एजेंट्स बना सकेंगे. इसके अलावा AWS, OpenAI Frontier के लिए एक्सक्लूसिव थर्ड पार्टी क्लाउड डिस्ट्रीब्यूशन प्रोवाइडर होगा. OpenAI, AWS इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए 2 गीगावॉट ट्रैनियम क्षमता का इस्तेमाल करेगा.
Nvidia के साथ साझेदारी भी और गहरी हुई है. OpenAI को 3 गीगावॉट की डेडिकेटेड इंफरेंस क्षमता और 2 गीगावॉट की ट्रेनिंग क्षमता मिलेगी, जो Vera Rubin सिस्टम्स पर आधारित होगी. कंपनी का कहना है कि इससे वह ग्लोबल स्तर पर फ्रंटियर मॉडल्स को ट्रेन और डिप्लॉय करने में और सक्षम होगी.
SoftBank के चेयरमैन मसयोशी सोन ने कहा कि यह निवेश OpenAI के रिसर्च और इकोसिस्टम एक्सपैंड को तेज करेगा. वहीं OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने सभी पार्टनर्स का धन्यवाद करते हुए कहा कि एआई को सभी के लिए उपयोगी और भरोसेमंद बनाने के लिए गहरी साझेदारी जरूरी है.
गौरतलब है कि माइक्रोसॉफ्ट के साथ 2019 से चला आ रहा OpenAI का रिश्ता भी बरकरार रहेगा. दोनों कंपनियों ने साफ किया है कि Azure, स्टेटलेस OpenAI APIs के लिए एक्सक्लूसिव क्लाउड प्रोवाइडर बना रहेगा.


