Monday, March 9, 2026

OpenAI ने नया GPT-5.4 AI मॉडल लॉन्च किया है, जो बेहतर रीजनिंग, कोडिंग, कंप्यूटर उपयोग और 1 मिलियन टोकन कॉन्टेक्स्ट सपोर्ट देता है.

Share

 OpneAI ने अपना नया और अब तक का सबसे एडवांस्ड एआई मॉडल लॉन्च कर दिया है और इसका नाम GPT-5.4 है. कंपनी का दावा है कि यह मॉडल प्रोफेशनल कामों के लिए पहले से कहीं ज्यादा ताकतवर, तेज और बेहतर है. इसे ChatGPT में GPT-5.4 Thinking के रूप में पेश किया गया है. इसके साथ ही यह मॉडल API और Codex में भी उपलब्ध कराया गया है.

OpenAI ने उन यूज़र्स के लिए GPT-5.4 Pro भी लॉन्च किया है, जिन्हें मुश्किल और बड़े कामों में सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस चाहिए होती है. दिलचस्प बात है कि यह लॉन्च GPT-5.3 Instant के आने के कुछ ही दिनों बाद किया गया है. कंपनी का कहना है कि GPT-5.4 में हाल के समय में एआई टेक्नोलॉजी में हुए कई बड़े सुधारों को एक ही मॉडल में जोड़ा गया है. इसमें बेहतर रीज़निंग, कोडिंग क्षमता और एजेंट बेस्ड वर्कफ्लो शामिल हैं.

ओपनएआई ने डेवलपर्स के लिए एक और बड़ा अपडेट दिया है. कंपनी ने Codex ऐप को विंडोज़ पर भी लॉन्च कर दिया है. इसकी मदद से डेवलपर्स एक-साथ कई बड़े एआई एजेंटेस के साथ काम कर सकते हैं. इसके जरिए लंबे समय तक चलने वाले टास्क को मैनेज करना और कोड में हुए बदलावों का रिव्यू करना भी आसान हो जाता है. इसमें खास बात यह है कि इसके लिए डेवलपर्स को अब WSL या वर्चुअल मशीन का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा.

GPT-5.4 Thinking में जोड़े गए कई नए फीचर्स

ChatGPT में आए GPT-5.4 Thinking में भी कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं. OpenAI के मुताबिक यह मॉडल अब जवाब देने से पहले अपने सोचने की एक शुरुआती योजना दिखा सकता है. इससे यूज़र बीच में ही दिशा बदल सकते हैं और बेहतर नतीजे पा सकते हैं. इसके अलावा यह मॉडल इंटरनेट पर गहराई से रिसर्च करने में भी ज्यादा सक्षम है, खासकर उन सवालों में जो बहुत खास या जटिल होते हैं. लंबे और कठिन सवालों का जवाब देते समय यह पहले की तुलना में ज्यादा बेहतर तरीके से, कॉन्टेक्स्ट को समझकर काम करता है.

इनके अलावा टेक्निकल रूप से भी नया मॉडल काफी मजबूत है. यह मॉडल एक मिलियन टोकन तक का कॉन्टेक्स्ट सपोर्ट करता है. इसका मतलब है कि एआई एजेंट बहुत लंबी और मुश्किल प्रक्रियाओं की योजना बना सकते हैं, उन्हें पूरा कर सकते हैं और परिणाम को जांच भी सकते हैं. इसके साथ ही इसमें टूल सर्च फीचर दिया गया है, जिससे एआई एजेंट अलग-अलग टूल और कनेक्टर्स में से सही टूल को जल्दी ढूंढकर इस्तेमाल कर सकते हैं.

बेंचमार्क टेस्ट में भी GPT-5.4 ने शानदार प्रदर्शन किया है. GDPval बेंचमार्क में इस मॉडल ने 83% मामलों में इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स के बराबर या उनसे बेहतर प्रदर्शन किया. वहीं GPT-5.2 का स्कोर 70.9% था. स्प्रेडशीट मॉडलिंग जैसे कामों में भी इसका प्रदर्शन काफी बेहतर रहा, जहां इसने 87.3% स्कोर हासिल किया. प्रेजेंटेशन बनाने के मामले में भी GPT-5.4 के नतीजे ज्यादा आकर्षक पाए गए.

मानव समीक्षकों ने 68% मामलों में इसकी बनाई प्रेजेंटेशन को बेहतर बताया. इसके अलावा इस मॉडल में गलत जानकारी देने की संभावना भी पहले से कम हो गई है. कंपनी के मुताबिक GPT-5.2 की तुलना में इसमें गलत दावे होने की संभावना करीब 33% कम है. कंप्यूटर इस्तेमाल करने की क्षमता के मामले में भी यह मॉडल आगे निकल गया है. OSWorld-Verified बेंचमार्क में GPT-5.4 ने 75% सफलता हासिल की, जो इंसानों से भी बेहतर है. वहीं WebArena-Verified में इसका स्कोर 67.3% रहा.

नए मॉडल की उपलब्धता

कोडिंग के मामले में GPT-5.4 ने GPT-5.3 Codex की खूबियों को और तेज प्रदर्शन के साथ जोड़ा है. इसमें /fast मोड भी दिया गया है, जिससे टोकन स्पीड करीब 1.5 गुना तक बढ़ जाती है. चैटजीपीटी में यह नया मॉडल Plus, Team और Pro यूज़र्स के लिए उपलब्ध कराया गया है. API में इसकी कीमत GPT-5.2 से थोड़ी ज्यादा रखी गई है, लेकिन कंपनी का कहना है कि बेहतर टोकन क्षमताओं की वजह से कुल लागत कम हो सकती है.

Read more

Local News