भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत का जश्न अब मैदानों और सड़कों से आगे बढ़कर कंपनियों में भी दिखने लगा है. इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी Ola Electric ने अपने दो लोकप्रिय मॉडलों के खास वर्जन लॉन्च किए हैं. कंपनी ने S1 Pro+ Gen 3 इलेक्ट्रिक स्कूटर और Roadster X+ इलेक्ट्रिक बाइक का चैंपियंस एडिशन भारत में पेश किया है.
यह स्पेशल एडिशन भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की ICC T20 World Cup 2026 में जीत को सेलिब्रेट करने के लिए लॉन्च किया गया है. इस चैंपियंस एडिशन की सबसे खास बात इसका नया डिजाइन और रंग है. इन दोनों इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स में खास ब्लू कलर स्कीम दी गई है, जो भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी से प्रेरित है. कंपनी का कहना है कि यह डिजाइन टीम इंडिया की तीसरी T20 वर्ल्ड कप जीत को सम्मान देने के लिए तैयार किया गया है.
S1 Pro+ Gen 3 की डिटेल्स
बैटरी और परफॉर्मेंस की बात करें तो S1 Pro+ Gen 3 Champions Edition में 5.2kWh का बैटरी पैक मिलता है. यह स्कूटर 17.43 bhp की पीक पावर देता है और इसकी टॉप स्पीड 130 किमी प्रति घंटा तक जाती है. यह स्कूटर 0 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार सिर्फ 2.1 सेकंड में पकड़ सकता है. कंपनी के अनुसार इसकी IDC सर्टिफाइड रेंज 320 किमी तक है. इसे 80% तक चार्ज होने में लगभग 7 घंटे लगते हैं. इसमें Hyper, Sports, Normal और Eco जैसे राइडिंग मोड दिए गए हैं. फीचर्स की बात करें तो इसमें 7 इंच का टचस्क्रीन इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, LED हेडलाइट और टेललाइट, डिजिटल की, रिवर्स मोड और साइड स्टैंड अलर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं.

Roadster X+ की डिटेल्स
वहीं, Roadster X+ Champions Edition में 9.1kWh की बैटरी दी गई है. यह बाइक 14.75 bhp की पावर जनरेट करती है और इसकी टॉप स्पीड 125 किमी प्रति घंटा है. यह 0 से 40 किमी प्रति घंटा की स्पीड 2.7 सेकंड में हासिल कर लेती है. इसकी IDC सर्टिफाइड रेंज करीब 500 किमी तक बताई गई है. इस बाइक में Sport, Normal और Eco जैसे राइडिंग मोड मिलते हैं. इसके फीचर्स पर गौर करें तो इसमें 4.3 इंच का कलर LCD डिस्प्ले, क्रूज कंट्रोल, ब्रेक-बाय-वायर, एडवांस्ड रिजन और रिवर्स मोड जैसे फीचर्स दिए गए हैं. दोनों वाहनों के साथ 3 साल या 50,000 किमी तक की बैटरी वारंटी भी मिलती है.

दोनों इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की कीमत
अगर कीमत की बात करें तो Ola S1 Pro+ Gen 3 Champions Edition की एक्स-शोरूम कीमत 1.90 लाख रुपये रखी गई है. वहीं Ola Roadster X+ Champions Edition की कीमत 1.89 लाख रुपये है. ग्राहक चाहें तो EMI ऑप्शन के जरिए भी इन इलेक्ट्रिल व्हीकल्स को खरीद सकते हैं. स्कूटर के लिए EMI करीब 2,699 रुपये से शुरू होती है, जबकि बाइक के लिए यह लगभग 2,870 रुपये से शुरू होगी. कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक पूरी पेमेंट करने के बाद 19 से 21 दिनों के भीतर इनकी डिलीवरी शुरू हो जाएगी. ग्राहक इन्हें ओला की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी डीलरशिप से खरीद सकते हैं.


