Monday, May 25, 2026

Oakter का Studio AC 5000 2026 मॉडल सिर्फ ₹14,499 में उपलब्ध है, जो छोटे कमरों के लिए किफायती और ऊर्जा-कुशल इन्वर्टर कूलिंग सॉल्यूशन देता है.

Share

 भारत में गर्मियों का मौसम आते ही एयर कंडीशनर यानी एसी की मांग तेजी से बढ़ जाती है, लेकिन बड़े और महंगे एसी हर किसी के बजट में फिट नहीं बैठता और नाही उनके घर के लिए उपयुक्त होता है. इसी जरूरत को समझते हुए दिल्ली की एक कंपनी Oakter ने अपना एक नया Studio AC 5000 2026 Model लॉन्च किया है. यह 0.5 टन का 3-स्टार इन्वर्टर विंडो एसी खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है जो छोटे कमरों, स्टूडियो अपार्टमेंट्स, ऑफिस केबिन या स्टडी रूम में किफायती और असरदार कूलिंग चाहते हैं.

इस नए मॉडल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह प्लग एंड प्ले डिज़ाइन पर काम करता है. इसका मतलब है कि इसे चलाने के लिए किसी अलग वायरिंग या इलेक्ट्रिशियन की ज़रूरत नहीं पड़ती. यह सामान्य 6 एंप के होम या ऑफिस पावर सॉकेट से सीधे चलता है और इसमें बिल्ट-इन सर्ज प्रोटेक्शन भी दिया गया है. यहां तक कि यह 1200VA प्योर साइन वेव इन्वर्टर पर भी आसानी से चलता है, जो इसे उन इलाकों के लिए एक अच्छा ऑप्शन बनाता है, जहां बिजली कटौती बार-बार या ज्यादा देर के लिए होती है.

इन्वर्टर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल

इससे पहले पिछले 2025 मॉडल में कंपनी ने फिक्स्ड-कंप्रेसर दिया था, लेकिन इस बार वाले नए एसी मॉडल में कंपनी ने इन्वर्टर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है. इससे कूलिंग ज़्यादा स्थिर और ऊर्जा-कुशल हो गई है. कंप्रेसर स्टार्ट होने में ज़ीरो मिनट की देरी और लगभग 500W की बिजली खपत इसे बेहद किफायती बनाती है. कंपनी का दावा है कि यह पारंपरिक एसी की तुलना में 60% तक कम बिजली खर्च करता है और इसकी रनिंग कॉस्ट महज़ ₹4 प्रति घंटे है. यानी दो घंटे चलाने पर सिर्फ एक यूनिट बिजली लगती है.

वज़न के मामले में भी यह एसी अलग है. इसका वज़न सिर्फ 22 किलोग्राम है, जो सामान्य विंडो एसी से करीब 30% हल्का है. इससे इसे लगाना और सर्विस करना काफी आसान हो जाता है. इसके साथ ही इसमें एंटी-डस्ट फिल्टर, CWRC कूलिंग सिस्टम और लो-नॉइज़ ऑपरेशन जैसे फीचर्स भी हैं. CWRC सिस्टम की वजह से एसी के बाहर पानी टपकने की समस्या काफी हद तक कम हो जाती है, जो अक्सर यूज़र्स को परेशान करती है.

75 स्क्वायर फुट तक के कमरों के लिए

यह एसी 75 स्क्वायर फुट तक के कमरों के लिए उपयुक्त है और हाई ह्युमिडिटी वाले भारतीय मौसम में भी अच्छा प्रदर्शन करता है. इसके साथ एक स्लीक रिमोट कंट्रोल और माउंटिंग फ्रेम मिलता है. वारंटी की बात करें तो एसी यूनिट पर एक साल और कंप्रेसर पर पांच साल की वारंटी दी जा रही है.

Oakter के सीईओ शिशिर गुप्ता के मुताबिक, आज का भारतीय उपभोक्ता ऐसा कूलिंग सॉल्यूशन चाहता है जो न सिर्फ सस्ता हो, बल्कि एनर्जी-एफिशिएंट, कॉम्पैक्ट और रोज़मर्रा की शहरी ज़िंदगी में आसानी से इस्तेमाल होने वाला भी हो. Studio AC 5000 2026 Model को इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है. इस एसी की शुरुआती कीमत 14,499 + GST है. इसे आप Oakter की आधिकारिक वेबसाइट, प्रमुख ऑनलाइन मार्केटप्लेस और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर खरीद सकते हैं.

Read more

Local News