Thursday, June 4, 2026

Motorola Edge 70 Pro+ में तीन 50 मेगापिक्सल कैमरे, 6,500mAh बैटरी, 90W फास्ट चार्जिंग और Dimensity 8500 Extreme प्रोसेसर दिए गए हैं.

Share

 मोटोरोला ने भारतीय मार्केट में एक और स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है. मोटोरोला ने कुछ हफ्ते पहले Edge 70 Pro को लॉन्च किया था और अब इसी सीरीज के एक नए फोन Motorola Edge 70 Pro+ को भी लॉन्च कर दिया गया है. यह फोन अपने Pro वेरिएंट से कई मायनों में आगे है और खासकर कैमरा और चार्जिंग के मामले में बड़े अपग्रेड लेकर आया है. आइए हम आपको इस फोन के बारे में बताते हैं.

कीमत और उपलब्धता

Motorola Edge 70 Pro+ की लॉन्च कीमत 47,999 रुपये है, जो 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले एकमात्र वेरिएंट के लिए है. कंपनी 3,000 रुपये का इंस्टेंट कैशबैक भी दे रही है, इसके अलावा एक्सचेंज बोनस का विकल्प भी मौजूद है. यह फोन 11 जून से फ्लिपकार्ट और मोटोरोला इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर खरीदने के लिए उपलब्ध होगा. रंगों की बात करें तो यह फोन Pantone Chicory Coffee, Pantone Stormy Sea और Pantone Zinfandel समेत तीन खूबसूरत कलर ऑप्शन में आता है.

डिस्प्ले और बिल्ड

Motorola Edge 70 Pro+ में 6.8 इंच का 1.5K Extreme AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 5,200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस देता है. 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट और HDR10+ सपोर्ट इसे देखने में शानदार बनाते हैं. 360Hz टच सैम्पलिंग रेट और Water Touch फीचर गीले हाथों से भी फोन इस्तेमाल करना आसान बनाते हैं. IP68 और IP69 रेटिंग के साथ-साथ MIL-810H सर्टिफिकेशन इसे काफी मजबूत और टिकाऊ साबित करते हैं.

प्रोसेसर और परफॉर्मेंस

इस फोन में प्रोसेसर के लिए 4nm बेस्ड MediaTek Dimensity 8500 Extreme चिपसेट है, जो 3.4GHz की पीक क्लॉक स्पीड देता है. AnTuTu बेंचमार्क पर यह 24 लाख से ज्यादा स्कोर हासिल कर चुका है. इसमें 12GB LPDDR5x RAM और 256GB UFS 4.1 स्टोरेज दी गई है. इस फोन में थर्मल मैनेजमेंट के लिए 4600 स्क्वायर मिमी के हीट डिसिपेशन एरिया वाला वेपर चेम्बर कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है.

कैमरा सेटअप

इस फोन के पिछले हिस्से पर तीन कैमरे दिए गए हैं और तीनों कैमरे 50-50 मेगापिक्सल का है. ये कैमरे Sony LYT-710 सेंसर वाला f/1.8 प्राइमरी कैमरा, 3x ऑप्टिकल और 50x डिजिटल जूम वाला पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 112 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू वाला अल्ट्रावाइड कैमरा लेंस के साथ आता है. इन तीनों कैमरों में OIS सपोर्ट भी दिया गया है. इस फोन में अगले हिस्से पर भी 50MP का ऑटोफोकस सेल्फी कैमरा दिया गया है, जो 4K/60fps वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट के साथ आता है.

बैटरी और फास्ट चार्जिंग

इस फोन में 6,500mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 90W वायर्ड और 15W वायरलेस फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. इसमें रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है. इसमें कनेक्टिविटी के लिए 5G, Wi-Fi 6E, Bluetooth 5.4 और इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर जैसे फीचर्स दिए गए हैं.

मोटोरोला फोन्स की दिक्कत

मोटोरोला ने पिछले कुछ सालों में कई अच्छे फोन्स लॉन्च किए हैं, जिनके स्पेसिफिकेशन्स काफी शानदार होते हैं, फोन का डिज़ाइन भी काफी अच्छा होता है लेकिन मोटोरोला के फोन्स में सबसे बड़ी दिक्कत सॉफ्टवेयर की होती है. इस फोन में अभी भी सही वक्त पर सॉफ्टवेयर सपोर्ट नहीं आते हैं और कई बार फोन का सॉफ्टवेयर क्रैश भी हो जाता है और उसके बाद फोन पूरी तरह से डेड हो जाता है.

हाल ही में Motorola Edge 50 Fusion फोन में Android 16 ओएस अपडेट आया था, जिसे अपडेट करने के बाद कई लोगों के फोन पूरी तरह से खराब हो गए और उन्हें कंपनी की ओर से कोई सपोर्ट भी नहीं मिला. इसकी शिकायत कई लोगों ने एक्स और Reddit जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी की थी.

Read more

Local News