Wuling Starlight 560 SUV के डिज़ाइन को भारत में पेटेंट कराया गया है. इस SUV को MG Motor India के बैनर तले बाजार में उतारा जाएगा. ध्यान देने वाली बात यह है कि कार की पेटेंट फ़ाइलिंग में SAIC GM Wuling Automobile Co., Ltd को आवेदक के तौर पर सूचीबद्ध किया गया है, और इसके डिज़ाइन को मार्च 2026 में रजिस्टर किया गया है.
खास बात यह है कि कार की पेटेंट की तस्वीरों में Wuling की बैजिंग नज़र नहीं आती, जिससे यह संकेत मिलता है कि इस मॉडल को भारत के लिए MG Motor India द्वारा रीबैज किया जाएगा, जोकि SAIC Motor और JSW Group का एक जॉइंट वेंचर है. इसका कुल मिलाकर डिज़ाइन, विदेशों में पहले से ही बिक रही इंटरनेशनल-स्पेक Starlight 560 से काफी हद तक मेल खाता है.
MG Starlight 560 का डिजाइन
बता दें कि इस पेटेंटेड मॉडल को भारत में टेस्टिंग के दौरान भी देखा गया है. इसका डिज़ाइन बॉक्सी और सीधा है, जिसमें एक बड़ी, ब्लैक कलर की ग्रिल, चौकोर व्हील आर्च और एक ऊंची बोनट लाइन दी गई है. इसके फ्रंट में LED हेडलैंप्स दिए गए हैं, जिनके ऊपर और नीचे LED DRL स्ट्रिप्स लगाई गई हैं. वहीं, कार के बंपर पर एक खास स्किड प्लेट एलिमेंट भी दिए गए हैं.
साइड प्रोफाइल की बात करें तो यह SUV 18-इंच के डुअल-टोन अलॉय व्हील्स का इस्तेमाल किया गया है, और इसके निचले हिस्सों में रूफ रेल्स और क्लैडिंग भी दी गई है. इस कार के पिछले हिस्से का डिज़ाइन लगभग MPV जैसा सीधा है, जिसमें LED टेल-लैंप और रूफ पर लगा स्पॉइलर दिया गया है.
इसके कुल अनुपात और स्टाइलिंग बिल्कुल ग्लोबल मॉडल जैसी ही हैं, जिसे चीन में Xingguang 560 और इंडोनेशिया में Wuling Eksion के नाम से बेचा जाता है. यह कार 5-सीट और 7-सीट, दोनों लेआउट में उपलब्ध है. इस कार की लंबाई 4,745mm, चौड़ाई 1,850mm और ऊंचाई 1,755mm है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,810mm है.
विदेशी बाजारों की बात करें तो Starlight 560 को तीन-रो वाली SUV के तौर पर बेचा जा रहा है, जिसका डैशबोर्ड लेआउट काफ़ी सादा है. इस कार में 12.8-इंच का टचस्क्रीन इंफ़ोटेनमेंट सिस्टम, 8.8-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और दो-स्पोक वाला स्टीयरिंग व्हील दिया गया है.
इसके अलावा, कार में क्लाइमेट कंट्रोल समेत ज़्यादातर फ़ंक्शन टचस्क्रीन में ही इंटीग्रेट किए गए हैं, जबकि फ़िज़िकल बटन सिर्फ़ स्टीयरिंग व्हील, सेंटर कंसोल पर एक पतली पट्टी और दरवाज़ों के आर्मरेस्ट तक ही सीमित हैं. अन्य फ़ीचर्स की बात करें तो इसमें ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और छह-स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम शामिल हैं.
MG Starlight 560 का अनुमानित पावरट्रेन
इस SUV का कोडनेम ‘520’ रखा गया है, और अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में इसे प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) और पूरी तरह से इलेक्ट्रिक (EV) दोनों तरह के पावरट्रेन के साथ बेची जाती है. हालांकि, यह देखना फिलहाल बाकी है कि भारत में इस कार का कौन सा पावरट्रेन उतारा जाएगा.
हालांकि पेटेंट तस्वीरों की बात करें तो इसका डिज़ाइन PHEV वर्जन जैसा ज़्यादा लगता है, जिसमें एक पारंपरिक ग्रिल और हेडलाइट्स के नीचे एक ब्लैक कलर का हिस्सा है. इससे यह संकेत मिलता है कि भारत के लिए इसी वर्जन पर विचार किया जा सकता है.
MG Starlight 560 का इंजन
Starlight 560 PHEV के इंजन की बात करें तो इस कार में 1.5-लीटर का पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया गया है, जिसके साथ 20.5kWh की बैटरी इस्तेमाल की गई है. यह दोनों मिलकर कुल 197hp की पावर और 230Nm का टॉर्क जेनरेट करते हैं. वहीं, इसके EV वर्जन में 56.7kWh की बैटरी इस्तेमाल की गई है.
इस वर्जन में आगे की तरफ लगा एक इलेक्ट्रिक मोटर इस्तेमाल की गई है, जो 136hp की पावर और 200Nm का टॉर्क उत्पन्न करती है. China Light-Duty Vehicle Test Cycle (CLTC) के अनुसार, इसकी दावा की गई रेंज PHEV के लिए सिर्फ़ इलेक्ट्रिक मोड पर 100km तक और EV के लिए 500km तक है.
MG Starlight 560 की भारत में लॉन्च टाइमलाइन
MG Motor ने भारत में प्लग-इन हाइब्रिड सेगमेंट में उतरने की अपनी योजनाओं की पुष्टि कर दी है, और संभावना जताई जा रही है कि यह SUV इस पहल की अगुवाई करेगी. यह मॉडल अक्टूबर 2026 तक बाजार में उतारा जा सकता है. चूंकि भारत में MG के अन्य मॉडल्स काफी प्रतिस्पर्धी कीमतों पर पेश किए गए हैं, इसलिए आने वाली 560 SUV के लिए भी ऐसी ही उम्मीद की जा सकती है.
चूंकि भारत में MG Motor की दूसरी गाड़ियां भी बहुत ही प्रतिस्पर्धी कीमतों पर पेश की गई हैं, इसलिए आने वाली नई 560 PHEV और EV की कीमत भी प्रतिस्पर्धी रखी जाएगी. भारत में लॉन्च होने के बाद, इस कार का मुकाबला Mahindra XUV 7XO और Tata Safari जैसी कारों से होगा, जबकि EV वर्जन का मुकाबला Mahindra XEV 9S से हो सकता है.


