भारतीय वायदा बाजार (MCX) और अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का रुख देखा जा रहा है. वैश्विक आर्थिक संकेतों और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते दोनों कीमती धातुओं ने आज लाल निशान के साथ शुरुआत की. घरेलू बाजार में सोना ₹1,55,750 के करीब कारोबार कर रहा है, जबकि चांदी ₹2,51,000 के स्तर पर बनी हुई है.
घरेलू बाजार का हाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट ₹327 की गिरावट के साथ ₹1,55,658 पर खुला. पिछले कारोबारी सत्र में यह ₹1,55,985 पर बंद हुआ था. खबर लिखे जाने तक, सोना ₹201 टूटकर ₹1,55,784 पर ट्रेड कर रहा था. आज के कारोबार में इसने ₹1,55,600 का निचला स्तर छुआ, जो इसके साल के उच्चतम स्तर (₹1,80,779) से काफी नीचे है.
वहीं, चांदी की बात करें तो मई वायदा में भारी बिकवाली देखी गई. चांदी आज ₹1,615 की गिरावट के साथ ₹2,51,498 पर खुली. पिछले बंद भाव ₹2,53,113 के मुकाबले फिलहाल यह ₹2,107 की भारी गिरावट के साथ ₹2,51,006 पर कारोबार कर रही है. चांदी ने आज ₹2,50,919 का निचला स्तर छुआ है. गौरतलब है कि चांदी इस साल ₹4,20,048 प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक जा चुकी है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेत
वैश्विक बाजारों में भी कीमती धातुओं की चमक फीकी रही. कोमेक्स पर सोना $5,010.60 प्रति औंस पर खुला, लेकिन जल्द ही यह $5,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गया. फिलहाल यह $13.80 की गिरावट के साथ $4,994.40 पर है. चांदी भी दबाव में है और $1.45 की गिरावट के साथ $78.46 प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है
गिरावट के मुख्य कारण
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी नीतियों और डॉलर इंडेक्स में मजबूती के कारण निवेशकों ने सोने से हाथ खींचना शुरू किया है. इसके अलावा, ऊंचे भाव पर पहुंची कीमतों के बाद बाजार में ‘करेक्शन’ (सुधार) की स्थिति बनी हुई है.
शादियों के सीजन के बावजूद कीमतों में इस उतार-चढ़ाव ने स्थानीय ग्राहकों और निवेशकों को ‘वेट एंड वॉच’ (इंतज़ार करो और देखो) की स्थिति में डाल दिया है. विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि गिरावट जारी रहती है, तो आने वाले दिनों में खरीदारों के लिए निवेश के बेहतर अवसर बन सकते हैं.


