लग्जरी कार निर्माता कंपनी Lexus ने भारतीय बाजार में अपनी एग्जीक्यूटिव सेडान, Lexus ES की लेटेस्ट जेनरेशन को लॉन्च कर दिया है. यह सेडान पहली बार पूरी तरह से इलेक्ट्रिक ड्राइवट्रेन के साथ पेश की गई है. कार निर्माता कंपनी का कहना है कि इसमें दो पावरट्रेन विकल्प कराए जाएंगे.
इनमें पहला जाना पहचाना ES 350h स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और पूरी तरह से इलेक्ट्रिक ES 500e विकल्प शामिल हैं. इस EV की शुरुआती कीमत 89.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है और यह भारतीय बाज़ार के लिए Lexus का पहला फुली इलेक्ट्रिक मॉडल है. जानकारी के अनुसार, इसके हाइब्रिड मॉडल की कीमतों की घोषणा बाद में की जाएगी.
नई-जनरेशन Lexus ES का डिजाइन
नई Lexus ES के डिजाइन की बात करें तो इसका डिज़ाइन LF-ZC कॉन्सेप्ट से प्रेरित लगता है, जिसमें शार्प लुक और शार्प बॉडी लाइन्स दिए गए हैं. नई ES में लो-सीट शार्कनोज़ डिज़ाइन, एंगुलर और हाई LED DRLs, और ठीक उनके नीचे लगे मेन हेडलैंप यूनिट्स दिए गए हैं.

इसके अलावा, EV में एक बंद ग्रिल लगाई गई है, जबकि इसके हाइब्रिड मॉडल में ग्रिल के ठीक नीचे एक छोटा इनलेट दिया गया है, और बंपर में एक प्रमुख सेंट्रल इनटेक दिया गया है. कार में बेहद तराशा हुआ बोनट और बंपर पर लगे काले इंसर्ट इसके शार्प डिज़ाइन को और भी बेहतर बनाते हैं.
साइड प्रोफाइल की बात करें तो नई ES में चार-दरवाज़ों वाला कूप डिज़ाइन देखने को मिलता है, जिसमें एक तेज़ शोल्डरलाइन सामने वाले दरवाज़े से ऊपर की ओर उठती हुई, पीछे की क्वार्टर विंडो तक जाती है.
वहीं रियर प्रोफाइल की बात करें तो, इसके उभरे हुए फेंडर इस सेडान के मज़बूत और ज़मीन से सटे हुए लुक को और भी बेहतर बनाते हैं, जबकि पीछे की तरफ, पूरी चौड़ाई में फैली हुई लाइटबार इस सेडान का सबसे खास डिज़ाइन फ़ीचर है.

नई-जनरेशन Lexus ES का इंटीरियर
पिछली ES की तुलना में, नई-जनरेशन ES में एक मिनिमलिस्ट केबिन थीम को अपनाया गया है, जिसमें एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को एक हुड वाले बिनेकल में बहुत ही खूबसूरती से इंटीग्रेट किया गया है.
इसके साथ ही, इसमें एक बड़ी 14-इंच की सेंट्रल टचस्क्रीन लगाई गई है. केबिन में ‘छिपे हुए’ स्विच भी लगाए गए हैं, जो टचस्क्रीन के नीचे और ड्राइवर की तरफ लगाए गए हैं, और ये स्विच तभी जलते हैं, जब कार चालू की जाती है.
नई-जनरेशन Lexus ES का पावरट्रेन
अभी के लिए, भारतीय बाजार में सिर्फ़ नई ES 500e को ही पेश किया जाएगा, जिसमें 75 kWh की बैटरी और डुअल-मोटर के साथ ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलेगा. यह सेटअप 338 bhp की पीक पावर प्रदान करता है, और एक बार फुल चार्ज होने पर यह कार 580 km तक की रेंज प्रदान करती है.

वहीं दूसरी ओर, जाने-पहचाने 350h सेटअप, जिसमें 2.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ एक इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया गया है, और इसके इस साल के आखिर में बाजार में लॉन्च किए जाने की संभावना है. Lexus का कहना है कि भारतीय बाज़ार में Lexus ES 500e के लिए बुकिंग अब शुरू हो गई है, और इसकी डिलीवरी साल 2026 के मध्य से शुरू हो सकती है.


