Bihar News : पूर्व एमएलसी कामेश्वर चौपाल के निधन के उपरांत बिहार सरकार के चार मंत्री सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग उनके पैतृक गांव पहुंचे। इस दौरान सभी ने श्रद्धांजलि दी और उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी रहे पूर्व विधान पार्षद कामेश्वर चौपाल के निधन से मरौना प्रखंड के कमरैल गांव में शोक का माहौल है। उनके निधन के उपरांत शनिवार को पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए कमरैल में जनसैलाब उमड़ा। जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने उन्हें पुष्प अर्पित करने के उपरांत भाजपा का झंडा ओढ़ाया। मौके पर उन्होंने कहा कि स्व चौपाल का परिवार भाजपा का परिवार है। उनका निधन पार्टी के साथ ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों के लिए गहरी क्षति है। उन्होंने समाज और भगवान राम के लिए अपना जीवन समर्पित किया था। राम जन्म भूमि पर पहली ईंट रखने वाले स्व चौपाल तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी भी बने। जिस परिवार में जन्म लिया और जो मुकाम हासिल किया, वह प्रेरणादायक है। सुदूर देहात और अत्यंत पिछड़े परिवार में जन्म लेने के बावजूद अपनी मेहनत और सेवा भाव की वजह से उन्होंने खुद को सामाजिक और राजनीतिक जीवन में स्थापित किया।
इधर, मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि कामेश्वर चौपाल गरीब परिवार में जन्मे, लेकिन उन्होंने बड़े काम किए। गांव और समाज के हर कार्य में सक्रिय रहे। उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। जबकि मंत्री नीरज बबलू ने कहा कि स्व चौपाल ने आरएसएस और विहिप के माध्यम से देश के लिए कई असाधारण कार्य किए। उनका निधन भाजपा और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में पूरी पार्टी उनके परिवार के साथ है। कामेश्वर चौपाल के निधन से ना केवल भाजपा बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज में शोक व्याप्त है। उनके विचार और उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर भी उन्हें स्व चौपाल के साथ काम करने का सौभाग्य मिला है। उनके व्यवहार की वजह से कोई उनका विरोधी नहीं हुआ। ईश्वर ऐसा व्यवहार और सौभाग्य सभी को प्रदान करे। इससे पूर्व बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा ने भी स्व चौपाल को श्रद्धांजलि दी। मौके पर मरौना बीडीओ रचना भारतीय, मुखिया रविंद्र कुमार उर्फ देवेंद्र ठाकुर, राजद प्रखंड अध्यक्ष सत्य नारायण यादव, आनंद कुमार, विष्णु देव यादव, राज कुमार रमण, चंद्र किशोर यादव, विमल पहलवान, दुर्गा नंद यादव, बद्री नारायण ठाकुर, हरिबंश मणि, श्याम सुंदर यादव, छेदी लाल यादव, हीरा लाल यादव, एजाजुल हक सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे
देश ही नहीं, तमाम हिंदुओं के लिए गहरी क्षतिइधर, मधेपुरा के सिंहेश्वर से राजद विधायक चंद्रहास चौपाल ने कहा कि रोटी के साथ राम का नारा देने वाले कामेश्वर चौपाल का निधन देश ही नहीं, तमाम हिंदुओं के लिए गहरी क्षति है। भगवान राम को मानने वाले तमाम लोग मर्माहत हैं। कहा कि स्व चौपाल उनके राजनीतिक गुरू रहे हैं। दशकों तक उनकी क्षति को पूरा नहीं किया जा सकेगा। वह चौपाल समाज का प्रतिनिधित्व लोकसभा तक चाहते थे। अब उनके इस अरमान को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। मधेपुरा जिला के सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायभीर गांव में ही स्व चौपाल का जन्म हुआ था, जहां मेरा पैतृक गांव है। जन्म के ढ़ाई साल तक वह वहीं रहे। वर्ष 1991 में जब वह राजनीतिक जीवन में आए, तब भी मैं उनके साथ रहा। उनके मार्गदर्शन में ही मैंने राजनीतिक मुकाम हासिल की है।गरीबों और दलितों के लिए मसीहा थे स्व चौपालवही एडीएम राशिद कलीम अंसारी ने कहा कि स्व चौपाल गरीबों और दलितों के लिए मसीहा के समान थे। जिला प्रशासन और राज्य सरकार की ओर से श्रद्धांजलि देने के लिए वह दिवंगत कामेश्वर चौपाल के गांव पहुंचे हैं। स्व चौपाल का निधन विशेष तौर पर बिहार, सुपौल जिले और इस क्षेत्र विशेष के लिए अपूरणीय क्षति है। जिला प्रशासन और राज्य सरकार शोक संतप्त के परिवार के साथ है।



