रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या-05/2026) का परिणाम जारी कर दिया है. आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 मई 2026 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है.
- आयोग ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी अब मुख्य (लिखित) बैकलॉग प्रतियोगिता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से शुरू होगी. अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान आवश्यक प्रमाण-पत्र और अन्य वांछित दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे. इसके साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेजों की हार्ड कॉपी भी आयोग को भेजनी होगी. आवेदन और दस्तावेज जमा करने से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे.
- प्रेस विज्ञप्ति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि परिणाम या अन्य जानकारी में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा टंकण संबंधी गलती सामने आती है, तो उसमें आवश्यक संशोधन करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना पर ही भरोसा करें और समय-समय पर वेबसाइट का अवलोकन करते रहें.
जेपीएससी ने अभ्यर्थियों से की अपील
जेपीएससी ने सभी सफल अभ्यर्थियों से निर्धारित समय के भीतर मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन करने और आवश्यक दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करने की अपील की है. आयोग का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, इसलिए अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा कर लें. परीक्षा परिणाम, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं.


