Saturday, August 8, 2026

JPSC-JSSC आंदोलन: AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने अनशनकारी अभ्यर्थी देवेंद्र महतो से की मुलाकात.

Share

रांची: JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने शनिवार को आंदोलन स्थल पहुंचकर भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थी देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात की। यह आंदोलन का 15वां दिन बताया जा रहा है।

मुलाकात के दौरान नेहा बोरा ने आंदोलनकारी अभ्यर्थियों से उनकी मांगों और मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि AISA, झारखंड के युवा और देशभर के छात्र अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार छात्रों की मांगों पर ठोस पहल नहीं करती, संगठन उनकी आवाज उठाता रहेगा।

विधायकों के सामने भी उठाया जाएगा मुद्दा

नेहा बोरा ने JLKM नेत्री देवी महतो से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि वह भाकपा माले के विधायकों से मुलाकात कर JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की समस्याओं और मांगों को उनके सामने रखेंगी।

निरसा के विधायक अरूप चटर्जी और सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो का भी इस संदर्भ में उल्लेख किया गया। अरूप चटर्जी पहले आंदोलन स्थल पहुंचकर अभ्यर्थियों से बातचीत कर चुके हैं। उन्होंने विधानसभा में भी छात्रों के पक्ष में अपनी बात रखने और मांग पूरी होने तक उनके साथ खड़े रहने की बात कही थी।

विधानसभा घेराव में भी शामिल हुई थीं नेहा बोरा

JPSC-JSSC आंदोलन के समर्थन में AISA ने 7 अगस्त को विधानसभा घेराव कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। नेहा बोरा ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। प्रदर्शन के दौरान उनके ऊपर स्याही फेंके जाने की घटना भी सामने आई थी।

AISA ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की जांच और अभ्यर्थियों की मांगों पर सरकार से ठोस निर्णय लेने की मांग दोहराई है।

Read more

Local News