रांची: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहा छात्रों का आंदोलन गुरुवार को 13वें दिन भी जारी रहा। अब इस आंदोलन में अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी भी जुड़ने लगे हैं। इसी बीच विधायक जयराम महतो आंदोलन स्थल पर पहुंचे और छात्रों को अपना समर्थन दिया।
जयराम महतो ने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से छात्र अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और सरकार को इस मामले में जल्द पहल करते हुए अभ्यर्थियों से बातचीत करनी चाहिए।
विधायक ने राज्य सरकार से मांग की कि छात्रों के प्रतिनिधियों से वार्ता के लिए एक टीम भेजी जाए और उनकी उचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों, पेपर लीक के आरोपों, परीक्षा रद्द होने और नियुक्तियों में देरी जैसी समस्याओं का समाधान जरूरी है, क्योंकि इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
महतो ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भी कठिन परिस्थितियों से गुजरकर आगे का सफर तय किया है, इसलिए छात्रों की परेशानियों को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं।
उन्होंने बेरोजगार युवाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि उम्र बढ़ने के साथ अभ्यर्थियों पर परिवार और समाज का दबाव भी बढ़ता है। ऐसे में उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना और समाधान निकालना जरूरी है।
जयराम महतो ने छात्रों को आश्वासन दिया कि विधानसभा के वर्तमान सत्र में वह उनकी मांगों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सत्र के दौरान वह नियमित रूप से धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाकात करेंगे और उनका समर्थन जारी रखेंगे।
