Thursday, September 10, 2026

ISF Gymnasiad 2026: झारखंड के 18 खिलाड़ियों की राष्ट्रीय चयन ट्रायल में एंट्री, ब्राजील का टिकट पाने पर नजर.

Share

रांची: झारखंड के स्कूली खेल प्रतिभाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का रास्ता खुल गया है। वर्ष 2025-26 के राष्ट्रीय स्कूल खेलों में प्रदर्शन के आधार पर राज्य के 18 खिलाड़ियों का चयन ISF Gymnasiad-2026 के भारतीय दल के राष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में 9 बालक और 9 बालिकाएं शामिल हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्कूल खेल महासंघ (ISF) की जिम्नैसियाड-2026 प्रतियोगिता 3 से 8 दिसंबर तक ब्राजील के रियो डी जनेरियो में प्रस्तावित है। भारतीय टीम में स्थान बनाने के लिए झारखंड के खिलाड़ी चार खेलों में होने वाले चयन ट्रायल में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।

चार खेलों में आजमाएंगे किस्मत

ताइक्वांडो, जूडो और कुश्ती के राष्ट्रीय चयन ट्रायल रायपुर, छत्तीसगढ़ में होंगे, जबकि एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का ट्रायल गोवा में आयोजित किया जाएगा।

ताइक्वांडो: 14 और 15 सितंबर को रायपुर में होने वाले ट्रायल में विश्वजीत राज सिंह, श्रेया कुमारी और रोशन कुमार झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जूडो: 17-18 सितंबर को होने वाले चयन ट्रायल के लिए मोहन कुमार पांडेय और अनुष्का सिंह का चयन हुआ है।

कुश्ती: 20-21 सितंबर को रायपुर में प्रस्तावित ट्रायल में अंकुश कुमार यादव, प्रियंका महतो और अनूप कुमार अपनी दावेदारी पेश करेंगे।

एथलेटिक्स में सबसे ज्यादा 10 खिलाड़ी

झारखंड से एथलेटिक्स में 10 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चयन ट्रायल का अवसर मिला है। इनका ट्रायल 6 से 9 अक्टूबर तक गोवा के अटल स्टेडियम, गुजरा-बम्बोलिम में होगा।

चयनित एथलीटों में इमैनुएल किस्कू, संतोष कुमार, बिनीत उरांव, ममता मैरी मुर्मू, अनोखी कुमारी, शिल्पा कुमारी, ओबामी मुर्मू, पृथ्वी उरांव, विवेक उरांव और सबिता मुर्मू शामिल हैं।

‘खेलो झारखंड’ से अंतरराष्ट्रीय मंच की ओर बढ़े खिलाड़ी

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के ‘खेलो झारखंड’ कार्यक्रम के जरिए स्कूल स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस बार 18 खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के भारतीय दल के चयन ट्रायल तक पहुंचना इसी प्रक्रिया की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

इस उपलब्धि की खास बात यह भी है कि इनमें ग्रामीण और सामान्य विद्यालयों से जुड़े खिलाड़ी भी शामिल हैं। इससे स्कूल स्तर पर मौजूद प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलने का संकेत मिलता है।

चयन ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने 18 खिलाड़ियों के चयन को झारखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उनके अनुसार ‘खेलो झारखंड’ का लक्ष्य विद्यार्थियों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखना नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे के स्तरों के लिए तैयार करना है।

अब चयनित खिलाड़ियों की कोशिश राष्ट्रीय ट्रायल में मजबूत प्रदर्शन कर भारतीय दल में जगह बनाने की होगी। भारतीय टीम में चयन होने पर उन्हें दिसंबर में रियो डी जनेरियो में होने वाली ISF Gymnasiad-2026 में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है।

Read more

Local News