इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का मंच तैयार है. पहला मैच RCB और SRH बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा. टूर्नामेंट में दस टीमें 13 जगहों पर मुकाबला करेंगी, जो 28 मार्च से 31 मई तक खेला जाएगा.
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में दुनिया भर के सुपरस्टार्स फैंस का मनोरंजन करने के लिए एक साथ आएंगे. एमएस धोनी और रोहित शर्मा से लेकर विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह तक, दुनिया के क्रिकेट जगत के कुछ सबसे बड़े नामों पर सबकी नजरें होंगी.
टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) हैं. दोनों ने ही पांच-पांच बार खिताब जीते हैं. जबकि पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स (DC) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) अभी भी अपने पहले खिताब की तलाश में हैं. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और गुजरात टाइटन्स (GT) पर भी खास नजर रहेगी.
पिछले कुछ सालों में, IPL में अनगिनत रिकॉर्ड टूटे हैं. पिछले साल, वैभव सूर्यवंशी ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था, और वे T20 में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे. लेकिन अब 2026 में भी कई नए रिकॉर्ड्स बनने वाले हैं. आइए उन रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं.
IPL 2026 में कई रिकॉर्ड टूटने के करीब
विराट कोहली
विराट कोहली IPL के इतिहास में 9000 रन पूरे करने से केवल 339 रन दूर हैं. अगर वो इस सीज नें इतने रन बना लेते हैं तो वो ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.
विराट कोहली को IPL में 300 छक्के पूरे करने के लिए 9 छक्कों की जरूरत है. यह मुकाम अब तक सिर्फ क्रिस गेल (357) और रोहित शर्मा (302) ने ही हासिल किया है.
एमएस धोनी
धोनी IPL के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी बनने के लिए तैयार हैं. उनकी उम्र 44 साल और 264 से ज्यादा है. सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का रिकॉर्ड अभी भी ब्रैड हॉग के नाम है, जिनकी उम्र 45 साल और 92 दिन है.
संजू सैमसन
संजू सैमसन को IPL में 5000 रन पूरे करने के लिए 296 रन चाहिए.
सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव को मुंबई इंडियंस के लिए 4000 रन पूरे करने के लिए 293 रनों की जरूरत है. यह उपलब्धि अब तक सिर्फ रोहित शर्मा (5876) ने हासिल की है.
भुवनेश्वर कुमार
भुवनेश्वर को IPL के इतिहास में 200 विकेट पूरे करने वाले पहले तेज गेंदबाज बनने के लिए 2 विकेटों की जरूरत है. कुल मिलाकर, यह मुकाम अब तक सिर्फ युजवेंद्र चहल ने हासिल किया है.
सुनील नरेन
सुनील नरेन को IPL के इतिहास में 200 विकेट पूरे करने के लिए 8 विकेटों की जरूरत है.
अर्शदीप सिंह
अर्शदीप सिंह को IPL में 100 विकेट पूरे करने वाले पांचवें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बनने के लिए 3 विकेटों की जरूरत है. अन्य गेंदबाजों में ट्रेंट बोल्ट (143), जयदेव उनादकट (110), आशीष नेहरा (106) और जहीर खान (102) शामिल हैं.
शुभमन गिल
शुभमन गिल को IPL में 4000 रन पूरे करने के लिए 134 रनों की जरूरत है.
जोस बटलर
जोस बटलर को T20 में 600 छक्के पूरे करने के लिए 7 छक्कों की जरूरत है. यह उपलब्धि अब तक सिर्फ क्रिस गेल (1056), कीरोन पोलार्ड (982), आंद्रे रसेल (784) और निकोलस पूरन (712) ने हासिल की है.


