आईपीएल का 19वां सीजन खत्म हो चुका है. आरसीबी ने गुजरात को फाइनल में 5 विकेट से मात देकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बन गई है. जिसमें उनके कई खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन शामिल है. जबकि कई बड़ी टीमें जैसे मुंबई इंडियंस, केकेआर और लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने प्रदर्शन से सबको निराश किया है. इसकी सबसे बड़ी वजह टीम के स्टार खिलाड़ियों का खराब प्रदर्शन रहा है.
फ्रैंचाइजी ने उन स्टार खिलाड़ियों पर करोड़ों रुपये खर्च करके रिटेन या नीलामी में मोटी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया था, ताकि वो उनकी टीम को जीत दिला सकें. लेकिन वे खिलाड़ी अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे. मैदान पर उनका हाल ऐसा था, मानो कीमत तो पूरी मिल गई हो, लेकिन खेलने का ढंग भूल गए हों. इसी क्रम में, आइए इस कहानी में जानते हैं कि IPL नीलामी में सबसे ज्यादा रकम पाने के बावजूद, इस सीजन में किन खिलाड़ियों ने अपने खेल से सबसे ज्यादा निराश किया.

ऋषभ पंत (LSG)
ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने IPL 2025 मेगा नीलामी में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था. यह अब भी टूर्नामेंट की सबसे बड़ी बोली है. पंत पर इतनी बड़ी रकम खर्च करने वाली LSG ने टीम की कमान उनके हाथों में सौंप दी थी. हालांकि, पंत कप्तान और बल्लेबाज, दोनों ही भूमिकाओं में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए. IPL 2026 में, पंत ने 14 पारियों में सिर्फ 312 रन बनाए, जिनका औसत 28.36 रहा. उनका स्ट्राइक रेट भी सिर्फ 138.05 था. इसके चलते, LSG इस सीजन में सिर्फ चार जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर खिसक गई. इसकी जिम्मेदारी लेते हुए, पंत ने हाल ही में एक चौंकाने वाला फैसला लिया. उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ दी.

कैमरून ग्रीन (KKR)
IPL 2026 की नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को खरीदने के लिए फ्रेंचाइजी के बीच होड़ मच गई थी. 2 करोड़ रुपये बेस प्राइज के साथ नीलामी में उतरे ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा. इसके साथ ही, ग्रीन नीलामी में सबसे ज्यादा कीमत पाने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए. इतनी बड़ी कीमत पर खरीदे जाने के बावजूद, ग्रीन ने इस सीजन में KKR को बुरी तरह निराश किया. उन्होंने इस IPL सीजन में बल्ले और गेंद, दोनों से ही कोई खास प्रभाव नहीं डाला. गेंदबाजी में ग्रीन ने 11 से ज्यादा की इकॉनमी से रन दिए और 14 मैचों में सिर्फ सात विकेट लिए. बल्ले से भी उनका प्रदर्शन खराब रहा. उन्होंने 14 पारियों में 145.70 के स्ट्राइक रेट से 322 रन बनाए. वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे और पूरी तरह फ्लॉप हो गए. जिसकी वजह से KKR 14 मैच में केवल 6 जीत के साथ 13 अंक हासिल करके 7वें स्थान पर रही.

निकोलस पूरन (LSG)
लखनऊ सुपर जायंट्स ने निकोलस पूरन को 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. हालांकि, इस सीजन में उन्हें पूरन से काफी उम्मीदें थीं. क्योंकि उन्होंने पिछले सीजन शानदार प्रदर्शन किया था. लेकिन, इस सीजन में पूरन ने बुरी तरह निराश किया. उनका प्रदर्शन बहुत खराब रहा. अपने खेलने के अंदाज के विपरीत, उन्होंने 14 मैचों में 127.87 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 234 रन बनाए. वहीं, IPL 2025 सीजन में पूरन ने सबको प्रभावित किया था. जब उन्होंने 14 मैचों में 196 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 524 रन बनाए. उनका औसत 43.66 रहा. इसमें 40 छक्के शामिल थे. पिछले सीजन में भी पूरन की किस्मत ने उनका साथ दिया. लेकिन, IPL 2026 में पूरन का जादू फीका पड़ गया.

सूर्यकुमार यादव (MI)
मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने सूर्यकुमार यादव को 16.35 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. लेकिन, यह स्टार बल्लेबाज इस IPL सीजन में जूझता नजर आया. वह अपनी फॉर्म की कमी से परेशान रहे. जिसकी वजह से वो उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए. उन्होंने 13 मैचों में 20.77 के औसत से सिर्फ 270 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट 147.54 रहा. सूर्यकुमार, जिन्होंने टीम इंडिया को सबसे छोटे फॉर्मेट में ICC की ट्रॉफी दिलाई थी, IPL में नाकाम रहे.
हार्दिक पांड्या (MI)
मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या को 16.35 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. रोहित को कप्तानी से हटाकर टीम की बागडोर संभालने की जिम्मेदारी पांड्या को सौंपी गई. लेकिन, हार्दिक उस भरोसे पर खरे नहीं उतर पाए. उन्होंने बल्लेबाजी में सिर्फ 146 रन बनाए और गेंदबाजी में सात विकेट लिए.
जसप्रीत बुमराह (MI)
जसप्रीत बुमराह विकेट लेने की एक पक्की गारंटी हैं. मुंबई इंडियंस ने इस यॉर्कर स्पेशलिस्ट को 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया. हालांकि, IPL 2026 सीजन में उन्होंने 13 मैचों में केवल चार विकेट लिए. उनकी इकॉनमी भी आठ से ज्यादा थी. कई खिलाड़ियों की तरह, बुमराह ने भी निराश किया.


