इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने केकेआर के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. टीम इंडिया के T20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को मुंबई इंडियंस ने ‘इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट’ खिलाड़ियों में रखा है, जबकि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को प्लेइंग-11 का हिस्सा हैं. पिछले साल, रोहित ने मुंबई इंडियंस के लिए कई मैचों में ‘इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट’ के तौर पर खेला था. उम्मीद है कि लक्ष्य का पीछा करते समय सूर्या को ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा.
इसके अलावा मुंबई ने अफगानिस्तान के स्पिनर एम गजनफर को डेब्यू का मौका दिया. शार्दुल ठाकुर और शेरफेन रदरफोर्ड ने भी इस फ्रेंचाईजी के लिए अपना पहला मैच खेला. टीम ने पिछले सीजन में 14 पारियों में 388 रन बनाने वाले रयान रिकेल्टन को क्विंटन डी कॉक के ऊपर तरजीह दी.
टॉस के समय दोनों कप्तानों ने क्या कहा?
टॉस जीतने के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा, हम पहले गेंदबाजी करेंगे. पिच अच्छी लग रही है, यह पहले से ज्यादा हरी दिख रही है. देखते हैं यह कैसा खेलती है. उन्होंने ये भी कहा कि यह हमारा किला है, दर्शक हमारे साथ हैं और हम एक अच्छा मैच खेलने के लिए तैयार हैं. हमारे पास काफी अनुभव है और साथ ही युवा खिलाड़ियों का भी अच्छा मिश्रण है. रोहित, सूर्या, मिचेल सैंटनर – यानी कप्तानों की कोई कमी नहीं है, मैं तो बस मैदान पर उतरकर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित हूं. हम 6 बल्लेबाजों और 5 गेंदबाजों के साथ उतर रहे हैं.
वहीं केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘हम गेंदबाजी करना चाहते थे, वानखेड़े में मैंने इतनी घास पहले कभी नहीं देखी. हमारी तैयारियां अच्छी रही हैं, कोलकाता और मुंबई में कुछ कैंप भी हुए हैं. हम जानते हैं कि MI एक चैंपियन टीम है और हम उनके खिलाफ खेलने के लिए उत्सुक हैं. बस मौजूदा पल पर ध्यान देना है और अतीत के बारे में नहीं सोचना है। कुछ खिलाड़ियों को चोटें लगी हैं, इसलिए हम 6 बल्लेबाजो और 5 गेंदबाजों के साथ उतर रहे हैं. चार विदेशी खिलाड़ी हैं – कैमरन ग्रीन, फिन एलन, सुनील नरेन और ब्लेसिंग मुजरबानी. हैं.
MI vs KKR: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी.
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे, एएम गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह.
दोनों टीमों के इम्पैक्ट विकल्प
कोलकाता नाइट राइडर्स इम्पैक्ट विकल्प: मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, कार्तिक त्यागी, सौरभ दुबे, तेजस्वी दहिया
मुंबई इंडियंस इम्पैक्ट विकल्प: सूर्यकुमार यादव, कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिंज, राज बावा, अश्विनी कुमार
सुनील नरेन की खास उपलब्धि
इस मैच में सुनील नरेन ने बड़ी उपलब्धि हासिल की, वो अब सबसे ज्यादा आईपीएल मैच खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले ये रिकॉर्ड कीरोन पोलार्ड के नाम था. जिनहोंने 189 मैच खेल हैं.
सर्वाधिक IPL मैच खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी
- 190 – सुनील नरेन
- 189 – कीरोन पोलार्ड
- 184 – एबी डी विलियर्स
- 184 – डेविड वॉर्नर
- 161 – डीजे ब्रावो
मुंबई इंडियंस का 300वां मैच
खास बात ये है कि ये मुंबई इंडियंस का 300 T20 मैच है. जिसके साथ वो ये उपलब्धि हासिल करने वाली पहली IPL फ्रेंचाइजी बन गई. मुंबई इंडियंस, पाकिस्तान (303) और समरसेट (303) के बाद 300 या उससे ज्यादा T20 मैच खेलने वाली सिर्फ तीसरी टीम है. मुंबई ने 18 सीजन में 277 IPL मैच और पांच सीजन में 22 चैंपियंस लीग T20 मैच खेले हैं.


