इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले क्वालीफायर मैच में मंगलवार (26 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना गुजरात टाइटंस से होगा. ये मैच धर्मशाला में शाम 7:30 बजे शुरू होगा. दोनों टीमों ने 14 मैचों में 18 अंक के साथ लीग चरण के अपने अभियान का समापन किया, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण RCB शीर्ष स्थान पर रहा.
दोनों टीमें एक-एक बार ट्रॉफी जीत चुकी हैं. RCB ने पिछले साल पंजाब को हराकर ट्रॉफी उठाई थी जबकि गुजरात ने 2022 में हार्दिक पांड्या की कप्तान में ट्रॉफी जीती थी.
IPL 2026 में दोनों ही टीमों ने प्लेऑफ तक पहुंचने के लिए अलग-अलग रास्ते अपनाए हैं. रजत पाटीदार के नेतृत्व में RCB ने आक्रामक बल्लेबाजी के साथ अपने अभियान को आगे बढ़ाया. मौजूदा चैंपियन टीम ने इस सीजन में लगातार 200 रन का आंकड़ा पार किया. RCB को बल्लेबाजी में शीर्ष क्रम में दिग्गज विराट कोहली के अनुभव और गेंदबाजी में जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार के शानदार प्रदर्शन से काफी फायदा हुआ.
वहीं दूसरी ओर गुजरात ने अपने दमदार गेंदबाजी आक्रमण और शीर्ष क्रम के शानदार प्रदर्शन के दम पर प्लेऑफ में जगह बनाई है. उसकी बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. सुदर्शन 638 रन बनाकर टॉप पर हैं जबकि गिल 616 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
लेकिन टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ गुजरात की गेंदबाजी सबसे प्रभावशाली रही है. मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने नई गेंद से लगातार विकेट लिए हैं, वहीं राशिद खान और बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने बीच के ओवरों में शानदार नियंत्रण बनाए रखा है.
रबाड़ा 24 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में भुवनेश्वर कुमार के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं. जबकि इस लिस्ट में राशिद खान 19 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं. इसलिए पहले क्वालीफायर में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है.
RCB vs GT: हेड टू हेड रिकॉर्ड
IPL में अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं. जिसमें दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर नजर आती है. 8 मैच में से RCB ने 4 जीते हैं तो वहीं गुजरात ने भी 4 मैच में जीत दर्ज की है. इस सीजन दोनों के बीच दो मैच खेले गए और दोनों ने 1-1 मैच अपने नाम किया है. इसलिए धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में एक और कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है. जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा.
दोनों टीमों के स्क्वाड
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत (विकेटकीपर), अरशद खान, अशोक शर्मा, जोस बटलर (विकेटकीपर), कॉनर एस्टरहुइजन, गुरनूर बराड़, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, राशिद खान, साई किशोर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, इशांत शर्मा, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, ल्यूक वुड और जयंत यादव.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, और सात्विक देसवाल.


