एप्पल ने अपने एक नए इवेंट का ऐलान कर दिया है, जो मार्च में होने वाला है. आमतौर पर एप्पल हर साल सितंबर के महीने में अपना बड़ा इवेंट आयोजित करती है, जिसमें वो हर साल अपने नए आईफोन सीरीज को लॉन्च करती है. इस साल कंपनी 4 मार्च 2026 को एक इवेंट आयोजित करने जा रही है, जिसके लिए कंपनी ने आधिकारिक तौर पर मीडिया इनवाइट्स भेज दिए हैं. यह खास एप्पल इवेंट 4 मार्च को अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में आयोजित किया जाएगा.
APPLE द्वारा भेजे गए मीडिया इनवाइट में लिखा है कि स्पेशल एप्पल एक्सपीरियंस पाने के लिए पर्सनली आकर हमें जॉइन कीजिए (हिंदी अनुवाद). इस बार एप्पल के मीडिया इनवाइट में गौर करने वाली बात है कि इसके साथ कंपनी ने कोई भी टैगलाइन नहीं दिया है और इसलिए लॉन्च को लेकर सस्पेंस और बढ़ गया है.इनवाइट में एप्पल का लोगो पीले, हरे और नीले रंगों में दिखाया गया है. टेक एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि ये कलर कंपनी की नई डिजाइन लैंग्वेज या आने वाले प्रोडक्ट्स के कलर ऑप्शंस की ओर इशारा कर सकते हैं. इवेंट भारतीय समय के अनुसार शाम 7.30 जे शुरू होगा.
अभी तक एप्पल ने यह साफ नहीं किया है कि इस इवेंट की लाइवस्ट्रीमिंग होगी या नहीं. हालांकि, पिछले कुछ सालों से एप्पल के लगभग सभी इवेंट्स की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग भी की गई है.ऐसे में एप्पल के द्वारा मीडिया इनवाइट्स में लाइव स्ट्रीमिंग की पुष्टि न करना थोड़ा चौंकने वाला फैसला है. ऐसा माना जा रहा है कि यह इवेंट ज्यादा एक्सक्लूसिव और हैंड्स-ऑन टाइप हो सकता है. अगर एप्पल अपनी पुरानी परंपरा अपनाता है यानी ऑनलाइन स्ट्रीमिंग करता है तो इवेंट के करीब apple.com और Apple TV पर लाइवस्ट्रीम लिंक जारी किया जा सकता है.
लीक्स और सप्लाई चेन रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इवेंट में कई बड़े प्रोडक्ट्स पेश किए जा सकते हैं. इनमें से सबसे ज्यादा चर्चा iPhone 17e को लेकर है. यह एप्पल का नया बजट iPhone हो सकता है, जिसमें एज-टू-एज डिस्प्ले, A17 चिप और कई कलर ऑप्शंस मिल सकते हैं. यह उन यूजर्स के लिए होगा जो आईफोन का एक्सपीरियंस कम कीमत में चाहते हैं. इसके अलावा नए iPad Air और iPad Pro भी पेश किए जा सकते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार इनमें OLED डिस्प्ले और ज्यादा स्लिम डिजाइन देखने को मिल सकता है.
इस इवेंट में एक कम कीमत वाला मैकबुक भी लॉन्च किया जा सकता है. यह स्टूडेंट्स और बजट यूज़र्स को ध्यान में रखकर तैयार किया जा सकता है. इसकी कीमत MacBook Air से कम हो सकती है, लेकिन परफॉर्मेंस डेली यूज के लिए दमदार रहने की उम्मीद है. एप्पल हमेशा अपने इवेंट्स में कुछ नए सरप्राइज़ लेकर आता है और इस बार एप्पल ने मीडिया इवेंट में कलरफुल एप्पल लोगो पेश किया है, जो एक नए सरप्राइज का संकेत लग रहा है. हालांकि, भारत के नज़रिए से बात करें तो भारत एप्पल के लिए एक बड़ा मार्केट है और 4 मार्च को ही भारत में होली का त्यौहार मनाया जाएगा, जो एप्पल इवेंट इनवाइट में दिख रहे लोगो के जैसा ही कलरफुल फेस्टिवल है. लिहाजा, इस इवेंट में भारत के लिए कुछ खास सरप्राइज भी हो सकते हैं.


