Monday, November 23, 2026

IND A vs PAK A: टॉस के दौरान हुआ अजीब घटनाक्रम, मैच रेफरी ने पलटा फैसला; पाकिस्तान ने चुनी बल्लेबाजी

Share

दोहा: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में रविवार को भारत ए और पाकिस्तान ए की टीमें आमने-सामने हैं। दोनों देशों के बीच इस मुकाबले की शुरुआत टॉस के दौरान हुए एक अजीब घटनाक्रम से हुई। पहले मैच रेफरी ने टॉस का नतीजा भारत के पक्ष में बताया, लेकिन पाकिस्तान के कप्तान अब्दुल समद के आपत्ति जताने के बाद दोबारा सिक्का देखकर फैसला बदल दिया गया। इसके बाद पाकिस्तान ए को टॉस विजेता घोषित किया गया और टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।

टॉस के दौरान क्या हुआ?

मुकाबले में भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा ने सिक्का उछाला। पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने टॉस के लिए हेड चुना था। सिक्का देखने के बाद मैच रेफरी ने पहले टेल बताया और टॉस प्रेजेंटर ने भी इसी नतीजे की घोषणा की।

हालांकि, इसके तुरंत बाद अब्दुल समद ने सिक्के पर हेड होने की बात कही। इसके बाद मैच रेफरी ने दोबारा सिक्के को देखा और इस बार हेड घोषित किया। इस तरह पाकिस्तान ए को टॉस का विजेता बताया गया।

टॉस के दौरान दोनों कप्तानों ने एक-दूसरे से हाथ भी नहीं मिलाया। भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में हैंडशेक नहीं करने का सिलसिला 2025 एशिया कप के बाद से चर्चा में रहा है।

दोनों कप्तानों ने क्या कहा?

टॉस के बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने कहा कि उनकी टीम भी पहले बल्लेबाजी करना चाहती थी। उन्होंने पिच को थोड़ा सूखा बताया।

तिलक ने हर्षित राणा और प्रिंस यादव के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि चोट से वापसी के बाद दोनों का अच्छा प्रदर्शन टीम के लिए अहम है। उन्होंने यह भी कहा कि टीम के लिए यह एक और मुकाबला है, लेकिन दर्शकों के लिए भारत-पाकिस्तान का मैच हमेशा खास होता है।

वहीं, पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने कहा कि उनकी टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है। पिच सूखी नजर आ रही है, इसलिए उन्होंने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने मुकाबले में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

दोनों टीमें जीत के साथ उतरीं मैदान पर

भारत ए और पाकिस्तान ए दोनों ही टीमें अपना पहला मुकाबला जीतकर इस मैच में उतरी हैं।

भारत ए ने अपने पहले मैच में नेपाल को 306 रनों से हराया था। वहीं, पाकिस्तान ए ने यूएई को 61 रनों से शिकस्त दी थी।

दोनों टीमों ने इस मुकाबले के लिए अपनी पिछली प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

इंडिया ए की प्लेइंग-11

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, आयुष बडोनी, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विपराज निगम, हर्षित राणा और प्रिंस यादव।

पाकिस्तान ए की प्लेइंग-11

शामिल हुसैन, माज सदाकत, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), हसन नवाज, अब्दुल समद (कप्तान), फरहान यूसुफ, साद मसूद, मोहम्मद इमरान रंधावा, अहमद दानियाल, सुफियान मुकीम और अली रजा।

Read more

Local News