बिहार में पिछले कुछ दिनों से जारी मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच अब एक बार फिर मौसम विभाग ने रेन अलर्ट जारी किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पटना की ओर से जारी ताजा चेतावनी के अनुसार उत्तर-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम अचानक बदल सकता है. तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है.

किन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी?

IMD के अनुसार, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और आसपास के जिलों के कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आंधी-तूफान और कुछ जगहों वज्रपात गिरने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है. साथ ही इस दौरान घर पर रहने की अपील भी की है.
किसानों के लिए विशेष अपील
पश्चिम चंपारण (बेतिया), शिवहर और सीतामढ़ी के लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है. साथ ही किसानों को यह सलाह दी गई है कि वे खेतों में काम करते समय मौसम की ताजा जानकारी लेते रहें. गरज-चमक शुरू होते ही सुरक्षित स्थान पर चले जाएं, खुले में न रहें.
क्या करें और क्या न करें?
मौसम विभाग ने कहा है कि ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में लोग पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, नदी किनारे और ऊंचे स्थानों पर नहीं जाएं.



