इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अंडर-19 टीम ऑफ द टूर्नामेंट का ऐलान कर दिया है. जिसमें 12 खिलाड़ियों को जगह मिली है. इस टीम में भारत, इंग्लैंड के तीन-तीन, अफगानिस्तान के दो और पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के एक-एक खिलाड़ी को जगह मिली है.
इस अंडर-19 टीम ऑफ द टूर्नामेंट को इयान बिशप, लिडिया ग्रीनवे, एंडी फ्लावर और टेलफोर्ड वाइस के सिलेक्शन पैनल ने चुना है. 12 सदस्यीय टीम में भारत के वैभव सूर्यवंशी के साथ, स्पिनर कनिष्क चौहान और तेज गेंदबाज हेनिल पटेल को रखा गया है.
वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में अपनी शानदार पारी खेली थी. वैभव ने सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रनों की तूफानी पारी खेली. जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे. वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन भी किया, उन्होंने टूर्नामेंट में 439 रन बनाए, जिसकी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ दि टूर्नामेंट का अवॉर्ड भी दिया गया.
उपविजेता इंग्लैंड के भी तीन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया. जिसमें टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बेन मेयस, थॉमस रेव और मैनी लम्सडेन के नाम शामिल हैं. रेव को टीम ऑफ द टूर्नामेंट का कप्तान भी बनाया गया.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से मात देकर छठी बार खिताब अपने नाम किया था. जिम्बाब्वे के हरारे क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने वैभव सूर्यवंशी के 175 रनों की पारी की बदौलत इंग्लैंड के सामने 411 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था और फिर विरोधी टीम को 40.2 ओवर में 311 रन पर समेटकर मैच अपने नाम कर लिया था.
ICC U19 वर्ल्ड कप टीम ऑफ द टूर्नामेंट
1. वैभव सूर्यवंशी (भारत)
2. विरान चामुदिथा (श्रीलंका)
3. फैसल खान शिनवारी (अफगानिस्तान)
4. थॉमस रेव (विकेटकीपर, कप्तान) (इंग्लैंड)
5. ओलिवर पीक (ऑस्ट्रेलिया)
6. बेन मेयस (इंग्लैंड)
7. कनिष्क चौहान (भारत)
8. नूरिस्तानी उमरजाई (अफगानिस्तान)
9. विटेल लॉज (वेस्टइंडीज)
10. अली रजा (पाकिस्तान)
11. मैनी लम्सडेन (इंग्लैंड)
12. हेनिल पटेल (भारत)


