Wednesday, August 12, 2026

Hazaribagh News: सदर अस्पताल में दलालों से सावधान रहें मरीज, प्रशासन ने जारी की अपील.

Share

Hazaribagh News: सदर अस्पताल में दलालों से सावधान रहें मरीज, प्रशासन ने जारी की अपील

Hazaribagh: हजारीबाग जिला प्रशासन ने सदर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बिचौलियों से सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन के अनुसार अस्पताल में इलाज और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है, जबकि विभिन्न जांच निर्धारित सरकारी दरों पर कराई जाती हैं।

प्रशासन को शिकायत मिली है कि कुछ लोग मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी जांच केंद्रों की ओर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए मरीजों से किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अस्पताल से बाहर जांच कराने से पहले संबंधित अस्पताल कर्मियों से जानकारी लेने की अपील की गई है।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि मरीजों को किसी भी बिचौलिए के प्रभाव में आने की जरूरत नहीं है। यदि कोई व्यक्ति निजी जांच केंद्र में जांच कराने के लिए दबाव बनाता है या इलाज के नाम पर अनुचित राशि की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल अस्पताल प्रबंधन या जिला प्रशासन को दी जानी चाहिए।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत शिकायत करें, ताकि ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

मरीजों की शिकायत और सहायता के लिए जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम नंबर 8002592934 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने कहा है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने वाले लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है।
:::

Read more

Local News