हजारीबाग: जिले में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने और चल रही विद्युत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को उपायुक्त हेमंत सती ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बिजली सप्लाई, ट्रांसमिशन लाइन, स्मार्ट मीटर, ग्रामीण विद्युतीकरण और ट्रांसफार्मर से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त ने खास तौर पर रात के समय बिजली कटौती के कारण प्रभावित होने वाली स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में सुधार से आम लोगों की सुविधा के साथ-साथ सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी।
ट्रांसमिशन और ग्रामीण विद्युतीकरण की समीक्षा
बैठक के दौरान जिले में नई ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में बिजली पहुंचाने की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने बताया कि हजारीबाग जिले में करीब 60 प्रतिशत घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम पूरा हो चुका है। बाकी उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाने की प्रक्रिया जारी है। डीसी ने शेष कार्य को तय समय के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
हजारीबाग-बरही रोड परियोजना पर भी चर्चा
हजारीबाग-बरही मार्ग पर ट्रांसमिशन लाइन बिछाने के दौरान वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्र में आने वाले पेड़ों की छंटाई के लिए आवश्यक अनुमति का मुद्दा भी बैठक में उठा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को वन विभाग और डीएफओ, वाइल्ड लाइफ के साथ समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा।
बारिश में बिजली व्यवस्था पर विशेष निगरानी
मानसून के दौरान बिजली व्यवस्था को लेकर भी डीसी ने सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर, तार और अन्य उपकरणों की नियमित जांच करने तथा किसी भी खराबी की सूचना मिलने पर तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में बिजली विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
