झारखंड के हजारीबाग जिले में बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के एरिया कमांडर सहित पांच उग्रवादियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से विदेशी हथियार और कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं. एसआईटी ने लगातार 12 दिनों तक छापामारी कर यह कामयाबी हासिल की है.
हजारीबाग, शंकर प्रसाद-बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के एरिया कमांडर समेत पांच उग्रवादियों को विदेशी हथियार (अमेरिकन राइफल) और कारतूस के साथ तरहेसा जंगल के घाटगोसाई से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार उग्रवादियों में पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के डंडार कला गांव निवासी अवधेश कुमार उर्फ प्रशांत (पिता स्व यद्दु सिंह), चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के सोरूनावाडीह गांव के आदित्य गंझू (पिता ध्यानि गंझू), देवन गंझू (पिता गुली गंझू), हेरून गांव के धरम गंझू (पिता बासदेव गंझू) एवं हजारीबाग केरेडारी थाना क्षेत्र के मसुरिया गांव निवासी रूपलाल गंझू (पिता स्व किसुन गंझू) शामिल हैं. शुक्रवार को यह जानकारी हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने दी.
विदेशी हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से हजारीबाग पुलिस ने एक एआर 15एम4 कार्बाइन अमेरिकन राइफल, अमेरिकन राइफल की मैगजीन, अमेरिकन राइफल का चार जिंदा कारतूस, एक 7.62 एमएम का देसी पिस्टल, देसी पिस्टल की मैगजीन, तीन देसी कट्टा, देसी पिस्टल का दो जिंदा कारतूस, छह पीस आठ एमएम का जिंदा कारतूस, 303 राइफल का 14 जिंदा कारतूस, नौ मोबाइल फोन, 10 टीपीसी का पर्चा, एक पीस चितकरबा रंग का पीठु, एक पीस मैगजीन रखने का पाउच बरामद हुआ है.
गुप्त सूचना के आधार पर चला सर्च ऑपरेशन
हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि तरहेसा जंगल में टीएसपीसी के एरिया कमांडर प्रशांत एवं उसके सक्रिया साथी आदित्य गंझू, रूपलाल गंझू, देवन गंझू, धरम गंझू कोल माइंस क्षेत्र के बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. इसके आधार पर टीम गठित कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया. छापामारी के दौरान पांचों उग्रवादियों को हथियार के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया.


