जिला मुख्यालय में मिलेगी जांच और इलाज की सुविधा
Gumla: गुमला जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने अभियान को और गति देने की तैयारी की है। इसी क्रम में सदर अस्पताल परिसर में नवनिर्मित जिला क्षय केंद्र का उद्घाटन उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने किया। प्रशासन ने अगले चार महीनों के लिए टीबी की पहचान, जांच और उपचार को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की है।
नए केंद्र के शुरू होने से टीबी से संबंधित जांच और उपचार की सुविधाएं जिला मुख्यालय में ही उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को जांच या इलाज के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी।
उपायुक्त ने कहा कि बीमारी की समय पर पहचान और नियमित उपचार टीबी उन्मूलन अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। नए केंद्र के जरिए मरीजों की जांच, उपचार और फॉलोअप को बेहतर तरीके से संचालित करने पर जोर दिया जाएगा।
चार प्रमुख बिंदुओं पर आधारित अभियान
उपायुक्त के अनुसार, जिले की टीबी उन्मूलन रणनीति Build, Prevent, Detect और Treat के चार प्रमुख चरणों पर केंद्रित है। इसके तहत संभावित मरीजों की सक्रिय पहचान, समय पर जांच, उपचार की निगरानी और जोखिम वाले लोगों की पहचान की जाएगी।
इसके साथ ही ग्रामीण और सामुदायिक स्तर पर टीबी को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की योजना है। जिले में उपलब्ध CBNAAT और TrueNat जैसी जांच सुविधाओं का अधिक प्रभावी इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
टीबी के जोखिम वाले कारकों पर भी फोकस
स्वास्थ्य विभाग टीबी के साथ जुड़े जोखिम कारकों को कम करने की दिशा में भी काम करेगा। इनमें कुपोषण, मधुमेह, लंबे समय से चली आ रही सांस संबंधी बीमारियां तथा तंबाकू और शराब के सेवन जैसे कारक शामिल हैं।
प्रशासन ने स्वास्थ्यकर्मियों, विभिन्न विभागों और आम लोगों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि जिले में टीबी की रोकथाम और उपचार को सामुदायिक स्तर पर मजबूत किया जा सके।
2026 में 169 पंचायतों को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य
सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी ने बताया कि जिले में टीबी उन्मूलन को लेकर पहले से कई स्तरों पर काम चल रहा है। शुरुआती चरण में 62 पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत के रूप में चिन्हित किया गया है।
वर्ष 2026 के लिए जिले की सभी 169 पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पंचायत स्तर पर मरीजों की पहचान, जांच और उपचार की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
21 अगस्त को 62 पंचायतों का होगा सम्मान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 21 अगस्त को गुमला नगर भवन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें टीबी मुक्त घोषित की गई 62 पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में संबंधित पंचायतों के मुखिया और प्रखंड प्रमुखों के शामिल होने की बात कही गई है।
जिला कार्यक्रम समन्वयक विनय कुमार गुप्ता ने बताया कि नए जिला क्षय केंद्र के शुरू होने से जांच, उपचार और मरीजों की निगरानी की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अगले चार महीनों में संभावित मरीजों की खोज और उनके इलाज की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनुपम किशोर, जिला क्षय रोग पदाधिकारी डॉ. केके मिश्रा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक विनय कुमार गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और जिला क्षय केंद्र के कर्मचारी मौजूद रहे।
