आजकल एआई चैटबॉट्स हमारी डेली लाइफ की डिजिटल जिंदगी का एक अहम और जरूरी हिस्सा बन चुके हैं. अब लोग एआई चैटबॉट्स जैसे- ChatGPT, Google Gemini और Claude जैसे टूल्स का इस्तेमाल सिर्फ सवाल पूछने के लिए ही नहीं बल्कि काम करने के तरीके, आइडियाज और रिसर्च तक के लिए भी कर रहे हैं. हालांकि, इसमें एक बड़ी दिक्कत अभी भी बनी हुई है. अगर कोई यूज़र एक एआई प्लेटफॉर्म से दूसरे पर जाना चाहता है, तो उसका पुराना चैट डेटा और मेमोरी साथ लेकर जाना लगभग नामुमकिन है.
एक यूज़र के लिए यह समस्या बिल्कुल वैसी ही है, जैसी सालों से Android और iOS के बीच डेटा ट्रांसफर को लेकर देखी जाती रही है. समय के साथ एआई चैटबॉट यूज़र की आदतों को समझने लगते हैं. पुरानी बातचीत, पसंद-नापसंद और काम करने का पैटर्न, सबकुछ मिलाकर एक इकोसिस्टम बन जाता है. इसी वजह से प्लेटफॉर्म बदलना आसान नहीं होता. अब गूगल इस परेशानी का सॉल्यूशन ढूंढने की कोशिश कर रहा है.
Import AI Chats का फायदा
TestingCatalog की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल जेमिनी में एक नया बीटा फीचर देखा गया है, जिसका नाम “Import AI Chats” है. इस फीचर के नाम से ही आपको समझ आ गया होगा कि यह एआई चैट्स को इंपोर्ट करने का काम करेगा. यह फीचर जेमिनी के होम मेन्यू में प्लस आइकन पर टैप करने के बाद दिखाई दे रहा है, जहां पर आमतौर पर फाइल अटैच करने के ऑप्शन होते हैं. यह फीचर NotebookLM वाले विकल्प के नीचे नजर आता है.

यूज़र्स के लिए समस्या यह है कि अभी तक कोई भी बड़ा एआई प्लेटफॉर्म यूज़र्स को अपनी पूरी चैट हिस्ट्री डाउनलोड करने का आसान ऑप्शन नहीं देता है. ऐसे में यह साफ नहीं है कि Import AI Chats फीचर के जरिए जेमिनी किस तरह की फाइल्स को एक्सेप्ट या इंपोर्ट करेगा. इसके अलावा रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल ने क्लियर किया है कि इंपोर्ट किया गया सारा डेटा Gemini Activity में सेव होगा और भविष्य में एआई को ट्रेन करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे यूज़र्स की प्राइवेसी को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं.
इस लीक में जेमिनी के कुछ और फीचर्स सामने आए हैं. इनमें इमेज को 2K और 4K रिज़ॉल्यूशन में डाउनलोड करने का ऑप्शन और एक नया “Likeness” फीचर शामिल है,जो शायद बिना परमिशन के आपकी पहचान से जुड़े एआई-जनरेटेड कंटेंट को पहचानने में मदद कर सकता है. अगर भविष्य में सभी बड़े एआई प्लेटफॉर्म्स इस तरह का सपोर्ट देने लगते हैंतो यूज़र्स के लिए एआई बदलना काफी आसान हो सकता है.



