गूगल ने अपने यूज़र्स के लिए एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई फीचर लॉन्च किया है, जो सीधे Google Docs में काम करेगा. इस नए फीचर का नाम Audio Summaries है, जो जेमिनी टेक्नोलॉजी पर आधारित है. इस नए फीचर की मदद से यूज़र किसी भी लंबे डॉक्यूमेंट का छोटा ऑडियो समरी सुन सकते हैं. इसका मतलब है कि इस फीचर की मदद से यूज़र्स को गूगल डॉक्यूमेंट में मौजूद लंबे-लंबे डॉक्यूमेंट को पढ़ने की जरूरत नहीं होगी. ऑडियो समरी फीचर उस डॉक्यूमेंट का समरी करके ऑडियो के रूप में आपको सुना देगा यानी आप पढ़ने के बजाय सिर्फ समरी सुनकर भी पूरा डॉक्यूमेंट समझ सकते हैं.
कंपनी ने इस अपडेट की जानकारी अपने Google Workspace ब्लॉग के जरिए दी है. दरअसल, गूगल पहले ही अपने वर्कस्पेस ऐप्स में जेमिनी के कई फीचर्स को जोड़ चुका है, लेकिन ऑडियो समरीज़ को खास तौर पर समय बचाने के लिए डिज़ाइन किया गया है. यह फीचर किसी भी डॉक्यूमेंट को छोटा और साफ-सुथरे समरी में बदल सकता है और उसे एकदम इंसानी आवाज़ में सुना सकता है, जो यूज़र्स को सुनने में बिल्कुल नैचुरल लगेगी.
गूगल डॉक ऑडियो समरी के खास फीचर्स
गूगल डॉक का ऑडियो समरी फीचर किसी टेक्स्ट-टू-स्पीच टूल की तरह पूरी समरी वर्ड-टू-वर्ड रीड नहीं करता है, बल्कि बातचीत के अंदाज में सुनाता है. कंपनी का कहना है कि इससे सुनने से ऐसा लगता है कि कोई इंसान पूरा डॉक्यूमेंट समराइज़ करके समझा रहा है. गूगल के मुताबिक, यह ऑडियो समरी आमतौर पर कुछ ही मिनटों का होता है और डॉक्यूमेंट के मेन पॉइंट्स को कवर करता है.

इस स्क्रीनशॉट में दिखाया गया है कि कैसे किसी डॉक्यूमेंट्स की एआई ऑडियो समरी सुननी है. (Image Credit: Google Workspace)
इसमें खास बात यह है कि अगर एक ही फाइल में कई टैब या सेक्शन हैं, तो उनका भी सार इसमें शामिल किया जा सकता है. इससे यूज़र्स जल्दी और आसानी से पूरी जानकारी समझ सकते हैं. खासकर तब जब वो मल्टीटास्किंग वर्क कर रहे हो. यूज़र्स को इसमें कुछ कंट्रोल ऑप्शन भी मिलते हैं:
- यूज़र्स अलग-अलग आवाज़ें चुन सकते हैं, जैसे narrator, persuader या coach.
- इसके अलावा प्लेबैक स्पीड को बढ़ाने या घटाने का विकल्प भी है.
- जरूरत पड़ने पर ऑडियो को आगे या पीछे करने की सुविधा भी दी गई है.
- गूगल का कहना है कि यह ऑडियो समरी सिर्फ डॉक्यूमेंट के अंदर मौजूद जानकारी पर आधारित होगा और बाहर की किसी जानकारी को नहीं जोड़ेगा.
फिलहाल यह फीचर सभी यूज़र्स के लिए उपलब्ध नहीं है. कंपनी ने इसे सिर्फ पेड सब्सक्राइबर्स के लिए जारी किया है. इनमें Business Standard, Business Plus, Enterprise Standard, Enterprise Plus, Google AI Pro और Ultra जैसे प्लान शामिल हैं. इसका मतलब है कि मुफ्त यूज़र्स को अभी इसका इंतजार करना होगा. कुल मिलाकर, Audio Summaries उन लोगों के लिए काफी काम का साबित हो सकता है, जो लंबी रिपोर्ट्स और फाइल्स को जल्दी समझना चाहते हैं और पढ़ने के बजाय सुनकर जानकारी जानना पसंद करते हैं.


