Thursday, July 30, 2026

Giridih News: 37 दिव्यांगजनों को मिली बैटरी संचालित ट्राई साइकिल, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया वितरण.

Share

गिरिडीह: जिले में दिव्यांगजनों को अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) की सहायता से गुरुवार को नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 37 पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को बैटरी संचालित ट्राई साइकिलें प्रदान की गईं।

कार्यक्रम में झारखंड सरकार के नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ उपायुक्त रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, महापौर प्रमिला मेहरा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना सबसे बड़ा मानवीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलने से दिव्यांगजनों के लिए आवागमन आसान होगा और वे अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने दैनिक कार्य कर सकेंगे। उन्होंने लाभार्थियों से वाहनों का सावधानीपूर्वक उपयोग और नियमित रखरखाव करने की भी अपील की।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि जिला प्रशासन ने दिव्यांगजनों की जरूरतों का सर्वेक्षण कराया था। पहले चरण में चयनित 37 पात्र लाभार्थियों को डीएमएफटी फंड से लिथियम बैटरी संचालित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र लोगों को इस चरण में लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें अगले चरण में योजना के तहत शामिल किया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपलब्ध संसाधनों और बजट के अनुसार भविष्य में इस योजना का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजन इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

ट्राई साइकिल मिलने के बाद लाभार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनकी आवाजाही पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान होगी और वे अपने रोजमर्रा के कार्य अधिक स्वतंत्रता के साथ कर पाएंगे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों ने लाभार्थियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Read more

Local News