नई दिल्ली, 26 नवंबर। फूड सर्विस और कैटरिंग क्षेत्र की कंपनी फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स इंडिया का आईपीओ गुरुवार को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया। पहले दिन इश्यू को कुल 0.87 गुना बोलियां मिलीं। रिटेल निवेशकों ने इसमें सबसे ज्यादा रुचि दिखाई, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों की भागीदारी कमजोर रही। इससे पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 162.34 करोड़ रुपये जुटाए थे।
पहले दिन किस कैटेगरी में कितनी बोली?
एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, आईपीओ के तहत कुल 1,04,74,048 शेयरों की पेशकश की गई थी। इसके मुकाबले 91,31,070 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। इस तरह पहले दिन इश्यू 0.87 गुना सब्सक्राइब हुआ।
निवेशकों की श्रेणी के हिसाब से रिटेल इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स (RII) का हिस्सा 1.41 गुना भरा। इस श्रेणी के लिए आरक्षित 19,44,311 शेयरों के मुकाबले 27,46,926 शेयरों की बोलियां आईं। इनमें 24,86,172 शेयरों के लिए कट-ऑफ प्राइस पर और 2,60,754 शेयरों के लिए प्राइस बिड मिली।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की श्रेणी में 1.01 गुना सब्सक्रिप्शन दर्ज किया गया। यहां 56,13,270 शेयरों के मुकाबले 56,66,310 शेयरों के लिए आवेदन आए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस श्रेणी की बोलियां विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की ओर से आईं।
वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा केवल 0.25 गुना सब्सक्राइब हुआ। इस श्रेणी में 29,16,467 शेयरों के मुकाबले 7,17,834 शेयरों के लिए आवेदन मिले। 10 लाख रुपये से अधिक की बोली वाली उपश्रेणी 0.19 गुना और 2 लाख से 10 लाख रुपये तक की बोली वाली उपश्रेणी 0.35 गुना भरी।
360.76 करोड़ रुपये का है आईपीओ
फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स का यह बुक-बिल्ट इश्यू कुल 360.76 करोड़ रुपये का है। इसमें 192 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 168.76 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। ओएफएस के तहत 88,35,382 शेयर बिक्री के लिए रखे गए हैं, जबकि फ्रेश इश्यू में करीब 1.01 करोड़ नए शेयर जारी किए गए हैं।
आईपीओ का प्राइस बैंड 181 से 191 रुपये प्रति शेयर निर्धारित किया गया है। एक लॉट में 78 शेयर शामिल हैं। अपर प्राइस बैंड के आधार पर रिटेल निवेशकों को कम से कम 14,898 रुपये लगाने होंगे।
कब होगा अलॉटमेंट और लिस्टिंग?
आईपीओ के शेयरों का अलॉटमेंट 1 दिसंबर 2026 को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। सफल आवेदकों के डीमैट खाते में शेयर 2 दिसंबर तक जमा हो सकते हैं। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके पैसे भी 2 दिसंबर तक वापस किए जाने की उम्मीद है।
कंपनी के शेयरों की बीएसई और एनएसई पर संभावित लिस्टिंग 3 दिसंबर 2026 को होगी।
इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर इक्विरस कैपिटल और जेएम फाइनेंशियल हैं। वहीं, एमयूएफजी इंटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
एंकर निवेशकों से जुटाए 162.34 करोड़ रुपये
आईपीओ खुलने से पहले 25 नवंबर 2026 को कंपनी ने एंकर निवेशकों को 84,99,483 इक्विटी शेयर आवंटित किए थे। इन शेयरों का फेस वैल्यू 2 रुपये और आवंटन मूल्य 191 रुपये प्रति शेयर रखा गया। इसमें 189 रुपये प्रति शेयर का प्रीमियम शामिल है। इस आवंटन से कंपनी को करीब 162.34 करोड़ रुपये मिले।
एंकर निवेशकों की सूची में कुल 12 संस्थाएं शामिल हैं। इनमें Amicorp Capital (Mauritius) Limited को सबसे बड़ा आवंटन मिला। इसे 18,33,000 शेयर यानी एंकर हिस्से का 21.57 प्रतिशत आवंटित किया गया, जिसकी कीमत करीब 35.01 करोड़ रुपये है।
Founders Collective Fund को 10,47,072 शेयर और SG Finserve Limited को 10,20,942 शेयर मिले। इनके आवंटन का मूल्य क्रमशः करीब 19.99 करोड़ और 19.49 करोड़ रुपये रहा।
इसके अलावा Nippon India Equity Opportunities AIF – Scheme 9 और ITI Small Cap Fund को 7,85,304-7,85,304 शेयर आवंटित किए गए। ITI Flexi Cap Fund को 6,54,498 शेयर मिले।
अन्य आवंटित निवेशकों में Cognizant Capital Dynamic Opportunities Fund, Svan Velocity Fund, LC Pharos Multi Strategy Fund VCC, Saint Capital Fund, Shine Star Build-Cap Pvt Ltd और Meru Investment Fund PCC – Cell 1 शामिल हैं।
एंकर आवंटन में घरेलू म्यूचुअल फंड की हिस्सेदारी 16.94 प्रतिशत रही। कुल 14,39,802 शेयर ITI Small Cap Fund और ITI Flexi Cap Fund को आवंटित किए गए, जिनकी संयुक्त कीमत करीब 27.50 करोड़ रुपये है।
आईपीओ से मिली रकम का कहां होगा इस्तेमाल?
कंपनी फ्रेश इश्यू से मिलने वाले 192 करोड़ रुपये का उपयोग कारोबार के विस्तार और कर्ज चुकाने के लिए करेगी। प्रस्तावित योजना में एक नया सेंट्रलाइज्ड किचन और दो बैंक्वेट विकसित करना शामिल है।
इसके अलावा, सब्सिडियरी फूडलिंक ग्लोबल रेस्टोरेंट्स के माध्यम से चार नए कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट खोलने के लिए भी निवेश किया जाएगा। शेष राशि का इस्तेमाल कंपनी अपने कर्ज के भुगतान में करेगी।
कैटरिंग से रेस्टोरेंट तक फैला है कारोबार
फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स का कारोबार इवेंट कैटरिंग, कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट, क्लाउड किचन और बैंक्वेट सेवाओं से जुड़ा है। कंपनी India Bistro, Art of Dum, China Bistro और Glocal जैसे ब्रांड संचालित करती है।
भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में कंपनी के 30 कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट और क्लाउड किचन हैं। इसके ग्राहकों में मैकडॉनल्ड्स की मास्टर फ्रेंचाइजी हार्डकैसल रेस्टोरेंट्स, जी एंटरटेनमेंट और ग्रीनप्लाई जैसे नाम शामिल हैं।
