प्रीमियम स्पोर्ट्स बाइक निर्माता कंपनी Ducati ने अपनी Panigale V4 का सबसे शानदार वर्जन, Ducati Superleggera V4 Centenario पेश किया है. बता दें कि यह इटैलियन मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी की 100वीं वर्षगांठ को मनाने के लिए पेश किया गया है, और कंपनी इसे अब तक की अपनी सबसे ज़बरदस्त और सड़क पर चलाने के लिए कानूनी तौर पर मान्य मोटरसाइकिल बता रही है. कंपनी इस बाइक को दुनिया भर में सिर्फ़ 500 यूनिट्स तक के लिए ही सीमित रखेगी. नई Centenario Ducati की Superleggera विरासत को आगे बढ़ाती है और हर पैमाने पर लिमिट्स को पार करती है.
Ducati Superleggera V4 Centenario का इंजन
कंपनी ने इस बाइक में Desmosedici Stradale R1100 इंजन का इस्तेमाल किया है. यह एक 1,103 cc V4 इंजन है, जो स्टैंडर्ड, रोड पर चलाने लायक रूप में 228 bhp की पावर प्रदान करता है. इसके साथ मिलने वाले रेसिंग एग्जॉस्ट और ट्रैक कॉन्फ़िगरेशन के साथ, इसकी पावर बढ़कर 247 bhp हो जाती है.
इससे इस बाइक का पावर-टू-वेट रेशियो 1.48 bhp प्रति kg होने का दावा किया गया है. वहीं, इसका पीक टॉर्क 117.6 Nm रहता है, जो ट्रैक स्पेसिफिकेशन में बढ़कर 126.3 Nm तक पहुंच जाता है.
नई Superleggera V4 Centenario के मुख्य फीचर्स की बात करें तो इस मोटरसाइकिल में से एक है, इसमें कार्बन फाइबर का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाना. इस बाइक का फ्रेम, सब-फ्रेम, स्विंगआर्म और यहां तक कि व्हील्स भी कार्बन फाइबर से बनाए गए हैं, जिसकी वजह से इसका कर्ब वेट (वज़न) सिर्फ़ 173 kg है.
मोटरसाइकिल में रेसिंग किट लगाने के बाद, इसका वज़न और भी कम होकर 167 kg रह जाता है. Ducati का कहना है कि यह इसे अब तक बनी सबसे हल्की और सबसे एडवांस्ड प्रोडक्शन मोटरसाइकिलों में से एक बनाती है. स्पेशल एडिशन Centenario एक रोड-लीगल मोटरसाइकिल के लिए कई ऐसी चीज़ों के साथ आती है, जो दुनिया में पहली बार देखने को मिलती हैं.
Ducati Superleggera V4 Centenario के खास फीचर्स
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह पहली ऐसी मोटरसाइकिल है जिसमें कार्बन-सिरेमिक डिस्क ब्रेक लगे हैं, जिन्हें Brembo के साथ मिलकर बनाया गया है. ये पारंपरिक स्टील ब्रेक के मुकाबले बेहतर थर्मल स्टेबिलिटी और कम वज़न देते हैं. बाइक के ब्रेकिंग सेटअप के साथ GP4-HY मोनोब्लॉक कैलिपर्स का इस्तेमाल किया गया है. यह पहली ऐसी रोड बाइक भी है, जिसमें Öhlins NPX 25/30 फोर्क का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें कार्बन-फाइबर स्लीव्स लगाई गई हैं, जिनका मकसद वज़न कम करना है.
Ducati Superleggera V4 Centenario के हार्डवेयर
बाइक में इस्तेमाल किए गए हार्डवेयर्स की बात करें तो इसमें सस्पेंशन का काम टॉप-स्पेक Öhlins कंपोनेंट्स को दिया गया है, जिनमें एक प्रेशराइज़्ड फ्रंट फोर्क और MotoGP से प्रेरित अंदरूनी पुर्ज़ों वाला TTX36 GP रियर शॉक शामिल है. इस मोटरसाइकिल के चेसिस और इंजन में टाइटेनियम कंपोनेंट्स का भी इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसका वज़न और भी कम हो जाता है.
बाइक के इंजन में ही कई हल्के और हाई-परफॉर्मेंस वाले एलिमेंट्स इस्तेमाल किए गए हैं, जिनमें टाइटेनियम इनटेक वाल्व, टाइटेनियम कनेक्टिंग रॉड, टंगस्टन इंसर्ट वाली हल्की क्रैंकशाफ़्ट और नए डिज़ाइन वाले पिस्टन शामिल हैं. Ducati ने अपना रेसिंग गियरबॉक्स सेटअप भी इस बाइक में शामिल किया है, जो तेज़ रफ़्तार से राइडिंग के दौरान गियर बदलने की सटीकता को बेहतर बनाने के लिए न्यूट्रल को पहले गियर के नीचे रखता है.
Ducati Superleggera V4 Centenario का डिजाइन
इस बाइक के डिजाइन की बात करें तो नई Superleggera V4 Centenario एक नई Rosso Centenario लिवरी के साथ पेश की गई हैं, जिसे खास तौर पर Ducati के शताब्दी समारोहों को चिह्नित करने के लिए बनाया गया है. इसका डिज़ाइन कंपनी की रेसिंग विरासत से भी प्रेरणा लेता है और Ducati की 2026 MotoGP और World Superbike लिवरियों को भी प्रभावित करेगा.
बाइक के स्टैंडर्ड मॉडल के अलावा, Ducati एक खास ‘Tricolore’ एडिशन की 100 यूनिट्स भी पेश करने वाली है, जिसमें विरासत से प्रेरित एक पेंट स्कीम का इस्तेमाल किया जाएगा, जो अतीत की मशहूर Ducati रेस बाइक्स को श्रद्धांजलि देती है.
इसके अलावा, नई Superleggera V4 Centenario के मालिकों को कुछ खास एक्सपीरिएंस भी दिए जाएंगे, जिनमें MotoGP-स्टाइल का एक ट्रैक इवेंट शामिल है, और इसमें चुनिंदा ग्राहकों को Desmosedici GP रेस बाइक चलाने का मौका भी मिलेगा.


