रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में सोमवार को विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने कुलपति प्रो. राजीव मनोहर से मुलाकात कर छात्र हित और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान संयुक्त रूप से एक मांगपत्र भी सौंपा गया, जिसमें कई प्रशासनिक और अकादमिक सुधारों की मांग उठाई गई।
बैठक में छात्र प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय में चल रहे पेन-डाउन आंदोलन को समाप्त कर नियमित कक्षाएं और परीक्षाएं शुरू कराने की मांग की। साथ ही NET, JRF और पीएचडी से जुड़ी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, जिन विभागों में सीटों में कमी आई है वहां शिक्षकों की नियुक्ति करने तथा शिक्षकों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली लागू करने का आग्रह किया।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और सूचना का अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने की भी मांग रखी।
बैठक के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र संगठनों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने परिसर में शांतिपूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा छात्र हित से जुड़े मुद्दों पर समय-समय पर संवाद और समन्वय बैठकें आयोजित करने पर सहमति जताई।
चर्चा का एक प्रमुख विषय छात्र नेताओं पर दर्ज मामलों से संबंधित रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नियमों के अनुरूप दर्ज मामलों को वापस लेने की प्रक्रिया पर आगे बढ़ने के लिए सहमति व्यक्त की।
बैठक में आजसू छात्र संघ, जेसीएम, छात्र राजद, एआईएसए सहित विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कुलपति प्रो. राजीव मनोहर, कुलसचिव धनंजय द्विवेदी, प्रोक्टर अजय चौधरी, डीएसडब्ल्यू डॉ. सर्वोत्तम कुमार और अन्य अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के अंत में छात्र संगठनों ने संयुक्त समिति के माध्यम से कुलपति को अपना ज्ञापन सौंपा और भविष्य में भी विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों पर संवाद बनाए रखने का भरोसा जताया।
