Sunday, August 2, 2026

Dhanbad News: गोल इंस्टीट्यूट के 28वें स्थापना दिवस पर NEET-JEE में सफल छात्रों का सम्मान.

Share

धनबाद: गोल इंस्टीट्यूट, धनबाद ने रविवार को अपना 28वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर NEET और JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. राम प्रसाद सिंह थे। उनके साथ गोल एजुकेशन इंस्टीट्यूट के निदेशक बिपिन सिंह, धनबाद केंद्र के प्रमुख संजय आनंद, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान धनबाद केंद्र से NEET परीक्षा में सफल 50 विद्यार्थियों को मेडल और स्टेथोस्कोप भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को 10,000 रुपये और 5,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. राम प्रसाद सिंह ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सफलता का कोई आसान रास्ता नहीं होता। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और लगातार प्रयास ही किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता की कुंजी हैं। साथ ही उन्होंने संस्थान द्वारा छात्रों के मार्गदर्शन के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

गोल एजुकेशन इंस्टीट्यूट के निदेशक बिपिन सिंह ने बताया कि इस वर्ष बिहार और झारखंड के विभिन्न केंद्रों से संस्थान के लगभग 500 विद्यार्थियों का सरकारी मेडिकल कॉलेजों में चयन हुआ है। इनमें धनबाद केंद्र के 50 छात्र भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान अनुभवी शिक्षकों, व्यवस्थित अध्ययन पद्धति और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल के माध्यम से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करता है।

धनबाद केंद्र के प्रमुख संजय आनंद ने कहा कि पिछले 28 वर्षों में संस्थान ने हजारों छात्रों को डॉक्टर और इंजीनियर बनने की दिशा में मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के अपने प्रयास जारी रखेगा।

Read more

Local News