Thursday, March 26, 2026

Crime; बुजुर्ग महिला के खाते से उड़ाए 12 लाख रुपये

Share

देवघर में एक बुजुर्ग महिला से 12 लाख रुपये की ठगी की गयी. अपराधियों ने पीड़िता के अकाउंट से अवैध निकासी कर पैसे उड़ा लिये. मामले में महिला जब शिकायत करने साइबर थाना पहुंचीं, तो उन्हें लोकल थाना में केस दर्ज करवाने को कहा गया. पुलिस ने पीड़िता से कहा कि यह मामला साइबर ठगी का नहीं, धोखाधड़ी का है.

बाबा नगरी देवघर से ठगी का नया मामला सामने आया है. यहां अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला के खाते से 12 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली. यह राशि महिला को मुआवजे के तौर पर मिली थी. घटना मोहनपुर थाना क्षेत्र का है. इस मामले में पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवायी है.

मुआवजे की राशि ठगी

जानकारी के अनुसार, देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला के अकाउंट से 12 लाख रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया. घटना को लेकर पीड़िता अपनी शिकायत देने साइबर थाना पहुंची, जहां से उसे अपने लोकल थाना में शिकायत देने को कहा गया. पीड़िता को जमीन के लिए 12 लाख रुपये का मुआवजा मिला था.

वृद्धा पेंशन की बात कहकर लिये थे डॉक्यूमेंट्स

घटना के संबंध में बताया गया कि पड़ोस के एक कंप्यूटर चलाने वाले युवक ने बुजुर्ग महिला से आधार कार्ड सहित अन्य कागजात वृद्धा पेंशन कराने की बात कहकर मांगा था. उसके बाद ही दो बार में पीड़िता के अकाउंट से 12 लाख रुपये निकाल लिये गये. बुजुर्ग महिला जब यह बात युवक से पूछने गयी, तो उसने पीड़िता को धमकी दी.

लोकल थाना में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया

इसके बाद पीड़िता मामले की शिकायत करने साइबर थाना पहुंची, जहां मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने उन्हें लोकल थाना जाकर शिकायत दर्ज करवाने को कहा. बुजुर्ग से कहा गया कि यह साइबर ठगी का मामला नहीं बनता है. धोखाधड़ी से संबंधित है. इसलिए उन्हें लोकल थाना में शिकायत करनी होगी. हालांकि, इस संबंध में पुलिस के कोई पदाधिकारी कुछ नहीं बता रहे हैं.

Read more

Local News