रांची के पहाड़ी मंदिर से रविवार दोपहर तीन बजे महाशिवरात्रि शिव बारात निकलेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इसे हरी झंडी दिखाएंगे। यह बारात भूत-प्रेतों की टोली, राम-सीता, राधा-कृष्ण की झांकियों और तांडव नृत्य के साथ इको-फ्रेंडली होगी। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। बारात पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान शिव का विवाह संपन्न होगा।
रांची। महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर पहाड़ी मंदिर से रविवार को दोपहर तीन बजे शिव बारात निकाली जाएगी। श्री शिव बारात आयोजन महासमिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दीप प्रज्वलित कर शिव बरात को रवाना करेंगे।
उनके साथ सुबोधकांत सहाय, विधायक सीपी सिंह, कुणाल अजमानी, राजेश साहू एवं बादल सिंह सहित कई लोग मौजूद रहेंगे। प्रवक्ता बादल सिंह ने बताया कि इस वर्ष भगवान शिव कर्पूरगौरं करुणावतारं स्वरूप में अपने भूत-प्रेतों की टोली के साथ नजर आएंगे।
51 माताएं दूल्हे के रूप में सजे भोलेनाथ का परछन एवं दिव्य आरती करेंगी। शिव बरात में राम-लक्ष्मण-सीता, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की झांकी आकर्षण का केंद्र होगी। भूत-प्रेतों की टोली तांडव नृत्य करते हुए बारात की शोभा बढ़ाएगी।
इन मार्गों से गुजरेगी बारात
बारात पहाड़ी मंदिर मुख्य द्वार से निकलकर शनि मंदिर अपर बाजार, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, गांधी चौक, महावीर चौक और रातू रोड होते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां सनातन विधि-विधान से भगवान शिव का विवाह संपन्न होगा।
इको-फ्रेंडली झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजन समिति के अनुसार इस बार बारात पूरी तरह इको-फ्रेंडली होगी। देशभर से कलाकार शामिल होंगे। शिव तांडव, 21 बालिकाओं द्वारा काली तांडव, अघोरियों का तांडव नृत्य, भजन संध्या, छऊ नृत्य, डीजे और झारखंड की प्रसिद्ध ताशा पार्टी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। राधा-कृष्ण का मनमोहक प्रेम नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा।
20 से अधिक सजे-धजे वाहन होंगे शामिल
बारात में पांच रथ घोड़ा सारथियों के साथ चलेंगे तथा कुल 20 से 21 वाहन फूलों से सजाए जाएंगे। आयोजन महासमिति द्वारा ‘हर घर शिव’ कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। संरक्षक जितेंद्र सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें।

सुरेश्वर महादेव में हल्दी रस्म, गाए गए मंगल गीत
सुरेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को बाबा भोलेनाथ को पारंपरिक रीति-रिवाज से हल्दी चढ़ाई गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंगल गीत गाए और श्रद्धा के साथ बाबा को हल्दी अर्पित किया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
बाबा भोलेनाथ का भव्य शृंगार किया गया तथा विधिवत आरती संपन्न हुई। मड़वा (मंडप) का कार्यक्रम भी किया गया। शनिवार को मेहंदी की रस्म अदा की जाएगी। 15 को शिव बरात चुटिया स्थित श्री राम मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि में शुभ विवाह का आयोजन होगा।
मंदिर के अध्यक्ष सुरेश साहू एवं महासचिव संतोष सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
दूरदर्शन केंद्र से प्रसारित होंगे नए धारावाहिक
दूरदर्शन केंद्र रांची की ओर से धारावाहिकों का निर्माण किया गया है। यह केंद्र दर्शकों के लिए तीन नए धारावाहिक प्रस्तुत करने जा रहा है। इन धारावाहिकों में हास्य, रहस्य–रोमांच और पारिवारिक संवेदनाओं का समृद्ध समावेश किया गया है।
तीनों धारावाहिक डीडी झारखंड पर निर्धारित समयानुसार प्रसारित किए जाएंगे। सबसे पहले पारिवारिक हास्य धारावाहिक ‘तिकड़मबाज’ शीघ्र ही दर्शकों का मनोरंजन करने आ रहा है। यह धारावाहिक प्रत्येक शनिवार रात्रि आठ बजे प्रसारित होगा।
- कार्यक्रम: सुरेश्वर महादेव मंदिर केतारी बगान में भगवान भोलेनाथ का मेहंदी कार्यक्रम, अपराह्न 3 बजे l
- कार्यक्रम: मातृ पितृ पूजन दिवस के अवसर पर सुविचार वाहन यात्रा का आयोजन, संध्या 5 बजे l
- पूजा अर्चना: श्री श्याम मंडल की ओर से श्री श्याम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, संध्या 5 बजे l
- पूजा अर्चना: पुंदाग के श्री राधा कृष्ण मंदिर में भंडारा सह पूजा का आयोजन, संध्या 5 बजे।


