महिलाओं की सुरक्षा और प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए भारत संचार निगम लिमिटेड ने भारत में एक नया फीचर लॉन्च किया है, जिसका नाम ‘कवच’ (Kavach) है. इसके नाम से ही समझ में आ गया होगा कि यह महिलाओं की प्राइवेसी को सुरक्षित रखने वाला फीचर है. इस फीचर की मदद से महिला ग्राहक अब ऑफलाइन रिचार्ज कराते वक्त अपने असली मोबाइल नंबर को दुकानदार के साथ शेयर किए बिना भी रिचार्ज करा सकती हैं. कंपनी ने इस सुविधा की घोषणा 8 मार्च 2026 को इंटरनेशनल वूमेंस डे के मौके पर की है.
दरअसल, कई बार ऐसा देखा गया है कि जब महिलाएं मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए किसी रिटेल स्टोर पर अपना नंबर बताती हैं, तो वो नंबर गलत तरीके से इस्तेमाल होने का खतरा बना रहता है. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए बीएसएनएल कवर फीचर पेश किया है, जो महिलाओं के मोबाइल नंबर को निजी रखने में मदद करेगा. इस फीचर के तहत महिला यूज़र अपने असली मोबाइल नंबर की जगह एक अस्थायी 10 अंकों का नंबर जनरेट कर सकती हैं.
यह नंबर उनके असली बीएसएनएल नंबर से लिंक रहता है, लेकिन दुकानदार को असली नंबर दिखाई नहीं देता. महिला यूज़र इस अस्थायी नंबर को रिचार्ज कराने के लिए रिटेलर को बता सकती है. ध्यान देने वाली बात यह है कि यह नंबर स्थायी नहीं होता. यह बिल्कुल OTP की तरह कुछ समय बाद एक्सपायर हो जाता है. इसलिए जब भी यूजर को रिचार्ज कराना होगा, उसे हर बार नया अस्थायी नंबर जनरेट करना होगा.
कैसे एक्टिवेट करें कवच फीचर?
- महिला BSNL ग्राहक इस सुविधा को बेहद आसान तरीके से एक्टिवेट कर सकती हैं.
- सबसे पहले अपने फोन का डायलर ऐप खोलें.
- इसके बाद 1800, 180, 1503 या 1500 नंबर डायल करके कॉल करें.
- कॉल कनेक्ट होने के बाद 9 दबाकर कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव से बात करें और उनसे ‘कवच’ फीचर एक्टिवेट करने के लिए कहें.
- कस्टमर केयर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूजर के फोन पर SMS के जरिए एक 10 अंकों का अस्थायी नंबर भेजा जाएगा.
- रिचार्ज कराते समय महिला ग्राहक इस नंबर को रिटेलर को बता सकती हैं.
- इसके अलावा यूजर्स चाहें तो BSNL Self Care ऐप के जरिए भी इस फीचर को एक्टिवेट कर सकती हैं.
क्यों खास है यह फीचर
हालांकि, आजकल ज्यादातर लोग ऑनलाइन रिचार्ज करते हैं, लेकिन देश के कई हिस्सों में अभी भी लोग ऑफलाइन दुकानों से ही मोबाइल रिचार्ज कराते हैं. खासकर ग्रामीण इलाकों और छोटे शहरों में इंटरनेट या डिजिटल पेमेंट की सुविधा हर किसी के लिए आसान नहीं होती. ऐसे में बीएसएनएल का यह Kavach फीचर महिलाओं के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है. खास तौर पर टियर-3 और टियर-4 शहरों में रहने वाली महिलाओं को इससे काफी फायदा मिलेगा. यह सुविधा उन्हें ऑफलाइन रिचार्ज के दौरान भी अपनी पहचान और मोबाइल नंबर सुरक्षित रखने में मदद करेगी.


