नई दिल्ली: नए साल के अवसर पर, राज्य के स्वामित्व वाली दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने वॉयस ओवर वाईफाई (VoWiFi) सेवा का राष्ट्रीय स्तर पर रोलआउट किया. इसे आमतौर पर वाई-फाई कॉलिंग के नाम से जाना जाता है. संचार मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि यह नई सेवा अब देश के सभी दूरसंचार सर्किलों में उपलब्ध है और यह चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी उच्च गुणवत्ता वाली कॉलिंग सुनिश्चित करती है.
VoWiFi: कमजोर सिग्नल वाले क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी
VoWiFi सेवा के माध्यम से BSNL ग्राहक वाई-फाई नेटवर्क का इस्तेमाल करके कॉल और मैसेज कर सकते हैं. यह खासकर उन इलाकों के लिए फायदेमंद है जहां मोबाइल सिग्नल कमजोर होता है, जैसे घर, कार्यालय, बेसमेंट और दूरदराज के क्षेत्रों में. मंत्रालय ने कहा कि कॉल करने के लिए किसी थर्ड-पार्टी ऐप की आवश्यकता नहीं है और ग्राहक अपने मौजूदा मोबाइल नंबर और फोन डायलर का उपयोग कर सकते हैं.
ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में सुविधा
इस सेवा का सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में है, जहां मोबाइल कवरेज सीमित हो सकता है. बशर्ते कि BSNL भारत फाइबर या अन्य ब्रॉडबैंड नेटवर्क के माध्यम से स्टेबल Wi-Fi कनेक्शन मौजूद हो. VoWiFi नेटवर्क का उपयोग करने से नेटवर्क कंजेशन भी कम होता है और कॉलिंग के लिए कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जाएगा.
कैसे उपयोग करें VoWiFi
ज़्यादातर मॉडर्न स्मार्टफोन VoWiFi को सपोर्ट करते हैं. कस्टमर को बस अपने हैंडसेट की सेटिंग्स में Wi-Fi कॉलिंग को इनेबल करना होगा. यदि डिवाइस कम्पैटिबिलिटी या सपोर्ट संबंधी जानकारी चाहिए, तो ग्राहक निकटतम BSNL कस्टमर सर्विस सेंटर या हेल्पलाइन नंबर 18001503 पर संपर्क कर सकते हैं.
भविष्य की तैयारी: 5G और नेटवर्क अपग्रेडेशन
BSNL ने यह भी घोषणा की कि कंपनी जल्द ही 5G सर्विस लॉन्च करेगी. 5G के पायलट प्रोजेक्ट का काम पूरा हो चुका है, और साथ ही 4G नेटवर्क के अपग्रेडेशन के लिए ट्रायल भी सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं. यह कदम BSNL के नेटवर्क मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम और देश भर में कनेक्टिविटी बढ़ाने के कमिटमेंट को मजबूत करता है.BSNL का VoWiFi लॉन्च देश में डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ाने और नेटवर्क कवरेज कम क्षेत्रों में सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. यह सेवा ग्राहकों को बिना किसी अतिरिक्त खर्च के सहज, तेज़ और भरोसेमंद कॉलिंग का अनुभव देगी.


