Vaishali News: खिलाड़ियों ने बताया कि पिछले सात दिनों से स्टेडियम में मंच और पंडाल निर्माण का काम चल रहा था, जिससे पहले ही प्रैक्टिस प्रभावित हो रही थी। अब सम्मेलन खत्म होने के बाद मैदान में गंदगी फैली हुई है, जिससे फुटबॉल, क्रिकेट और अन्य खेलों की प्रैक्टिस करना मुश्किल हो गया है।
वैशाली जिले के अक्षयवट राय स्टेडियम में खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों को इन दिनों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेडियम में चारों तरफ कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे न केवल मैदान की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि खिलाड़ियों की नियमित प्रैक्टिस भी बाधित हो रही है।
एनडीए के सम्मेलन के बाद फैली गंदगी, नहीं हुई सफाईदरअसल, बीते सोमवार को स्टेडियम में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया था। उसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इस सम्मेलन के बाद कार्यकर्ताओं के लिए भोज का आयोजन भी किया गया, लेकिन आयोजन खत्म होने के बाद पत्तल, गिलास और अन्य कचरे को यूं ही मैदान में फेंक दिया गया। स्थिति यह हो गई कि पूरे परिसर में गंदगी का अंबार लग गया, लेकिन आयोजकों द्वारा सफाई की कोई व्यवस्था नहीं कराई गई।
खिलाड़ियों को हो रही दिक्कतस्टेडियम में खेलने वाले खिलाड़ियों ने बताया कि पिछले सात दिनों से स्टेडियम में मंच और पंडाल निर्माण का काम चल रहा था, जिससे पहले ही प्रैक्टिस प्रभावित हो रही थी। अब सम्मेलन खत्म होने के बाद मैदान में गंदगी फैली हुई है, जिससे फुटबॉल, क्रिकेट और अन्य खेलों की प्रैक्टिस करना मुश्किल हो गया है। स्थानीय खिलाड़ियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह स्टेडियम खेल गतिविधियों के लिए है, लेकिन राजनीतिक कार्यक्रमों का अड्डा बनता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि आयोजन के बाद सफाई की जिम्मेदारी आयोजकों पर डाली जाए, ताकि खिलाड़ियों को असुविधा न हो।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे आयोजनस्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार नहीं हुआ है जब किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद स्टेडियम में गंदगी फैली हो। बीते महीने जदयू के कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद भी स्टेडियम में गंदगी छोड़ दी गई थी। बता दें कि जिला प्रशासन ने स्टेडियम के सौंदर्यीकरण का आदेश दिया था, लेकिन नगर परिषद द्वारा शुरू किया गया कार्य बीच में ही रोक दिया गया। ऐसे में स्टेडियम की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और खेल प्रेमियों को निराशा हाथ लग रही है। स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों की मांगस्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने जिला प्रशासन से स्टेडियम में राजनीतिक आयोजनों पर पाबंदी लगाने या आयोजकों से सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर इस तरह की घटनाएं बार-बार दोहराई जाती रहीं, तो हाजीपुर के इस एकमात्र खेल मैदान की स्थिति बदतर होती जाएगी।



