Monday, April 6, 2026

Bihar News: इंजीनियरिंग छात्र की संदिग्ध मौत, हॉस्टल में मिला शव; रात में दोस्तों संग की थी मुर्गा पार्टी

Share

Siwan News: पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया छात्र की मौत सामान्य प्रतीत होती है। वह रात में खाना खाकर सोया था और फिर सुबह नहीं उठा। उसके परिजनों ने आवेदन दिया है। मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

सीवान के इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में एक सिविल इंजीनियरिंग के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव उसके कमरे के अंदर ही बंद मिला, जिससे पूरे कॉलेज में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छपरा निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई, जो तीसरे वर्ष का छात्र था।

जानकारी के मुताबिक, घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सुता फैक्ट्री के पास स्थित सीवान इंजीनियरिंग कॉलेज की बताई जा रही है। सोनू कुमार सोमवार रात अपने दोस्तों के साथ कनिष्क बिहार कॉलोनी में मुर्गा पार्टी करने गया था। उसके बाद वह हॉस्टल लौटकर अपने कमरे में सोने चला गया। लेकिन अगली सुबह जब वह क्लास के लिए नहीं पहुंचा, तो साथी छात्रों ने उसे जगाने की कोशिश की। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो किसी तरह दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का नजारा देखकर साथी सन्न रह गए, सोनू कुमार का शरीर अकड़ चुका था और वह मृत पड़ा था।

छात्र की मौत से कॉलेज में मचा हड़कंप

छात्र की अचानक और रहस्यमयी मौत की खबर पूरे कॉलेज में आग की तरह फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

वहीं, मृतक के दोस्तों ने बताया कि वह पूरी तरह स्वस्थ था और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। उसकी मौत को लेकर हॉस्टल में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जिन दोस्तों के साथ उसने पार्टी की थी, उन पर भी शक की सुई घूम रही है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। क्या कहती है पुलिस?इस मामले में मुफ्फसिल थाना प्रभारी अशोक कुमार दास ने बताया कि प्रथम दृष्टया छात्र की मौत सामान्य प्रतीत होती है। वह रात में खाना खाकर सोया था और फिर सुबह नहीं उठा। उसके परिजनों ने आवेदन दिया है। मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छात्र की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से तो नहीं हुई। क्या पार्टी में खाए गए खाने या शराब में कोई गड़बड़ी थी? या फिर यह कोई दूसरी साजिश है? वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्र भी डरे-सहमे हुए हैं। सभी को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।

Read more

Local News