Saturday, April 4, 2026

Bihar News: स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही, एल्बेंडाजोल नामक दवा खाने से अब तक 30 से अधिक बच्चे बीमार

Share

Motihari Health Department: स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एल्बेंडाजोल नामक दवा खाने से अब तक 30 से अधिक बच्चे बीमार पड़ चुके हैं। फिलहाल, सभी का इलाज किया गया है।

मोतिहारी में एक ही सप्ताह में दूसरी बार फिर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत सरकारी स्कूल में बच्चों को डीसी फोर्ट और एल्बेंडाजोल नामक दवा खिलाया गया। दवा खाने के बाद लगभग तीन दर्जन के करीब बच्चे बीमार पड़ गए हैं, जिनका इलाज चकिया अनुमंडलीय अस्पताल में कराया जा रहा है।

बता दें कि मोतिहारी के चकिया प्रखंड अंतर्गत नवसृजित प्राथमिक विद्यालय उचिडिह में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत मेडिकल टीम के द्वारा बच्चों को डीसी फोर्ट और एल्बेंडाजोल नामक दवा खिलाया गया। दवा को खाते ही विद्यालय में तीन दर्जन के करीब बच्चे बीमार पड़ने लगे। बच्चों को उल्टी और चक्कर आने लगी, जिससे विद्यालय में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में सभी बच्चों को सागर पंचायत के मुखिया पति सुनील सिंह द्वारा स्थिति को संभालते हुए चकिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया

जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. चंदन कुमार के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का इलाज शुरू किया। बीमार पड़े बच्चों में शुभम कुमार, अंशु कुमारी, अभिषेक कुमार, खुशी कुमारी, बलबीर कुमार, अमीषा कुमारी, विशाल कुमार, रंजन कुमार, अदिति कुमारी, ज्योति और लक्ष्मी सहित 37 छात्र-छात्राएं शामिल थे।

इस संबंध में अनुमंडलीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार ने बताया कि बीमार अवस्था में सभी बच्चों को भर्ती कराया गया था। अब सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में है। सभी का समुचित इलाज किया जा रहा है। समाजसेवी सह मुखिया पति सुनील सिंह ने बताया कि विद्यालय से सूचना मिली कि फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बच्चों को दवाई खिलाने के दौरान बच्चों को उल्टी आने की समस्या आने लगी है, जिसको आनन- फानन में चकिया अस्पताल लाया गया। जहां सभी बच्चों का इलाज चिकित्सकों के द्वारा किया गया, सभी बच्चे स्वस्थ होकर घर लौट आए

Read more

Local News