Bettiah News: रेल मंत्री के दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धि बहुप्रतीक्षित छावनी आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का लोकार्पण रहा। इस पुल के खुलने से छावनी के भीषण जाम से लोगों को राहत मिलेगी, साथ ही शहर की रफ्तार तेज होगी। पढ़ें पूरी खबर…
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार को बिहार के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। रेल मंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली बिहार यात्रा थी, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया। बेतिया रेलवे स्टेशन पर NDA कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों से उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। रेल मंत्री के दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धि बहुप्रतीक्षित छावनी आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का लोकार्पण रहा। इस पुल के खुलने से छावनी के भीषण जाम से लोगों को राहत मिलेगी, साथ ही शहर की रफ्तार तेज होगी। जिले की करीब 45 लाख की आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही नेपाल से जिला मुख्यालय तक डायरेक्ट कनेक्टिविटी भी संभव हो सकेगी।
बेतिया रेलवे स्टेशन को करोड़ों की लागत से किया जाएगा विकसित
सभा को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने घोषणा की कि 54 करोड़ रुपये की लागत से बेतिया रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा। इसमें बेतिया राज की ऐतिहासिक झलक देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि बेतिया स्टेशन का नया स्वरूप इसे एक आधुनिक और आकर्षक स्टेशन बनाएगा।
आठ साल बाद पूरा हुआ छावनी ओवरब्रिज का निर्माण
छावनी ओवरब्रिज को लेकर 2016 में पहली बार 63 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई थी। लेकिन बजट बढ़ने के कारण 2021 में इसे 68 करोड़ रुपये का आवंटन मिला। बाद में परियोजना की लागत बढ़कर 103.36 करोड़ रुपये हो गई। इसका शिलान्यास तीन मई 2017 को तत्कालीन रेल राज्य मंत्री मनोज कुमार सिन्हा ने किया था। इसे छह जून 2020 तक पूरा करने की योजना थी, लेकिन कोविड-19 महामारी और निर्माण एजेंसी की देरी के चलते यह समय पर पूरा नहीं हो सका। बीते वर्ष छह मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेतिया दौरे के दौरान इस पुल के एक हिस्से का उद्घाटन किया था। अब रविवार को रेल मंत्री ने दूसरे हिस्से का उद्घाटन कर इसे पूरी तरह से जनता के लिए खोल दिया।
स्थानीय नेताओं की बड़ी भूमिका
इस ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर स्थानीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने लगातार पहल की थी। वहीं, भाजपा नेता दीपेंद्र सर्राफ के नेतृत्व में 2015 में ओवरब्रिज निर्माण के लिए धरना-प्रदर्शन भी किया गया था। जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो चुकी है, जिससे शहरवासियों में खुशी की लहर है।
बगहा में रेल मंत्री का भव्य स्वागत, रेलवे विकास को लेकर उठी कई मांगेंरेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अपने विशेष सैलून से बगहा रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां NDA कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। बगहा रेलवे स्टेशन पर भी फूल-मालाओं और गुलदस्तों के साथ स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुशवाहा, जदयू एमएलसी भीष्म साहनी, नगर सभापति प्रतिनिधि पप्पू गुप्ता और उप सभापति प्रतिनिधि रविशंकर प्रसाद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। बगहा से पटना के लिए ट्रेन शुरू करने की मांगइस मौके पर जदयू एमएलसी भीष्म साहनी ने रेल मंत्री को बगहा से पटना के लिए पूर्व की भांति ट्रेन सेवा शुरू करने का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों की यात्रा सुविधाजनक होगी और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा
अमृत भारत योजना के तहत बगहा रेलवे स्टेशन के विकास की मांगरेल यूनियन के प्रतिनिधियों ने अमृत भारत योजना के तहत बगहा रेलवे स्टेशन को शामिल करने की मांग की। इससे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास हो सकेगा, और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। नगर सभापति प्रतिनिधि पप्पू गुप्ता और उप सभापति प्रतिनिधि रविशंकर प्रसाद ने रेल मंत्री से रेलवे की भूमि पर बसे कैलाश नगर के सैकड़ों निवासियों के लिए स्थायी वास की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों को फिर से शुरू करने की अपील भी की गई। रेल मंत्री के दौरे से बढ़ी उम्मीदेंरेल मंत्री के इस दौरे से स्थानीय लोगों की रेलवे सुविधाओं के विस्तार को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन के आधुनिकीकरण, बंद पड़ी ट्रेनों को फिर से शुरू करने और रेलवे की भूमि पर बसे लोगों के पुनर्वास की मांगें इस दौरे को और महत्वपूर्ण बना रही हैं। नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगीइस स्वागत समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष अचिंत्य कुमार लल्ला, दीपू तिवारी, सोमेश पांडेय, हृदय दुबे और अमरेश श्रीवास्तव सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे। वहीं, जदयू के पूर्व नेता प्रभात रंजन सिंह, दया शंकर, ओम प्रकाश शाही, इजहार सिद्दीकी और मुरारी चौधरी सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।



