बिहार में पूर्णिया के मंडल लॉज में भीषण आग लगने से छह सिलिंडर ब्लास्ट हो गए। इस दौरान 50 से ज्यादा स्टूडेंट्स बाल-बाल बचे।

पूर्णिया में लॉ कॉलेज के पास स्थित मंडल लॉज में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ। लॉज में आग लगने से एक-एक कर छह सिलिंडर ब्लास्ट हो गए। इस हादसे में 50 से ज्यादा स्टूडेंट्स बाल-बाल बच गए। आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक मीटर में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मामला हाट थाना क्षेत्र का है। सूचना पर मौके पर पहुंची दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। लॉज में मैट्रिक, इंटर, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, बीएड और एमएड के स्टूडेंट्स रहते थे। छात्रों ने बताया कि आग लगने से कमरे में रखा सारा सामान, कैश और डॉक्यूमेंट्स जलकर राख हो गया।
इंटर साइंस के छात्र रवनीश कुमार का एडमिट कार्ड जल गया। परीक्षा केंद्र बायसी में है। सागर कुमार झा ने बताया कि आग लगने की घटना के तुरंत बाद दमकल को फोन किया गया। टीम ने पहुंचने में देरी की। लड़कों ने हिम्मत जुटाई। तीन गैस सिलेंडर को निकाला। सभी लड़कों का सामान जल गया। सभी दस्तावेज जल गए। करीब छह लाख का नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन से मुआवजा की मांग की है।


