Tuesday, March 17, 2026

Bihar Crime: सीएसपी संचालक को गोली मारकर लूटे 2.95 लाख रुपये, बदमाश मौके से फरार

Share

बदमाशों ने एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर जख्मी कर दिया। इसके बाद वो पीड़ित के पास से 2.95 लाख रुपये लेकर मौके से फरार हो गए हैं।

समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के पुसहो चौक के पास बदमाशों ने एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर जख्मी कर दिया और उससे 2.95 लाख रुपए लूट लिया। बदमाशों की संख्या तीन बताई गई है जो एक बाइक पर सवार होकर आए थे।

घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गये। जख्मी सीएसपी संचालक की पहचान इसी थाना क्षेत्र के उजान गांव निवासी राजेश शाह के पुत्र नवीन कुमार शाह के रूप में हुई है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए परिवार के लोग बेगूसराय ले गए हैं।

घटना के संबंध में बताया गया है कि सीएसपी संचालक दोपहर बिथान बाजार से राशि निकालकर बाइक से सीएसपी जगमोहरा जा रहे थे। इसी दौरान उजान पूसहो पथ पर पूर्व से घात लगाए बदमाशों ने नवीन को रूकने का इशारा किया। जब वह रुका तो बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया, जब उन्होंने लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके कान के पास लगी है। इसके बाद बदमाश उनका बैग आदि छीन कर फरार हो गए। बोगी में राशि के अलावा लैपटॉप आदि भी था।

घटना के बाद राहगीरों ने उन्हें उठाकर बिथान पीएचसी में भर्ती कराया। इस बीच परिवार के लोगों को सूचना मिली तो मौके पर पहुंचकर उन्हें बेहतर उपचार के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में ले गए हैं। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। लोगों ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ोदा (शाखा) ग्राहक सेवा केंद जगमोहरा में वह चलाते हैं।

पुलिस पदाधिकारी ने क्या कहा
रोसड़ा की डीएसपी सोनल कुमारी ने बताया कि बिथान से जगमोहरा जाने के दौरान सीएसपी संचालक से लूटपाट का प्रयास किया गया था। विरोध करने पर बदमाशों ने उनपर गोली चला दी। उनका उपचार चल रहा है। राशि लूटी गई है। जख्मी द्वारा 2.95 लाख रुपए लूट की बात बताई गई है। बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।

Read more

Local News