PM Modi Bihar visit प्रधानमंत्री के साथ होंगे बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत राज्य व देश के कई नेता। पीएम पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड पर सुबह 1050 बजे उतरेंगे। इसके बाद गांधी मैदान में तैयार की गई सड़क से गुजरते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए मंच तक पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को गांधी मैदान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में रेलवे, सड़क, मत्स्य, ग्रामीण विकास और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। यहीं से वो चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। हर तरफ सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था है। गांधी मैदान को एसपीजी ने अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। पीएम पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड पर सुबह 10:50 बजे उतरने के बाद गांधी मैदान में तैयार की गई सड़क से गुजरते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए मंच तक जाएंगे।
कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, प्रभारी मंत्री सुनील कुमार, मंत्री जीवेश मिश्रा, रामनाथ ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष्र संजय झा, सांसद राधामोहन सिंह, सांसद डा. संजय जायसवाल समेत पूर्वी व पश्चिम चंपारण व शिवहर जिले के सभी विधायक भी मौजूद रहेंगे।
यहां से पीएम राज्यपाल, मुख्यमंत्री व अन्य की उपस्थिति में रेलवे से संबंधित दरभंगा – नरकटियागंज (256 किमी) रेलखंड के दोहरीकरण से जुड़ी 4,079 करोड़ की योजना का शिलान्यास करेंगे। इसके अतिरिक्त 585 करोड़ की दरभंगा – थलवारा एवं समस्तीपुर – रामभद्रपुर (26 किमी) के दोहरीकरण कार्य का उद्घाटन करेंगे। 153 करोड़ की भटनी – छपरा ग्रामीण रेल खंड (114 किमी) में आटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य का शिलान्यास होगा। 232 करोड़ की लागत से भटनी – छपरा खंड में ट्रैक्शन सिस्टम उन्नयन कार्य की भी आधारशिला रखी जाएगी। 53 करोड़ की लागत से तैयार समस्तीपुर – बछवाड़ा रेलखंड (34 किमी) में आटोमेटिक सिग्नलिंग का उद्घाटन होगा।
वंदे भारत ट्रेनों के अनुरक्षण के लिए 283 करोड़ की लागत से पटना में रख-रखाव ढांचा निर्माण कार्य का आरंभ होगा। इसके अतिरिक्त पटना – नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी- आनंद विहार (दिल्ली), दरभंगा – लखनऊ (गोमतीनगर), मालदा टाउन – लखनऊ (गोमतीनगर) के लिए अमृत भारत ट्रेनों का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर करेंगे। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की 63 करोड़, 53 करोड़ की लागत से तैयार एसटीपीएल, पटना की अत्याधुनिक इन्क्यूबेशन सुविधा, करीब 10 करोड़ से तैयार दरभंगा में आइटी पार्क, आइटीइएस, स्टार्टअप के लिए नए एसटीपीएल सेंटर के अतिरिक्त सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी 138 करोड़ की एनएच-319 (पुराना एनएच-30) के आरा बायपास (असनी से बावनपली) मार्ग, 828 करोड़ की लागत से तैयार एनएच-319 के पररिया से मोहनिया खंड, 110 करोड़ की लागत से एनएच 333सी में सरवन से चकाई तक टू-लेन सड़क, एनएच 31 में मनिया से लाभा तक 97 करोड़ की लागत से बनी टू-लेन सड़क से संबंधित योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 40,000 लाभार्थियों के बीच 162 करोड़ की राशि का वितरण करेंगे। दीनदयाल अंत्योदय योजना (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) के अंतर्गत 61,500 स्वयं सहायता समूहों को 400 करोड़ की कम्युनिटी फंडिंग के तहत राशि उनके खातों में हस्तानांतरित होगी। इसके अतिरिक्त 21 करोड़ की मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी से संबंधित योजनाओं को भी आकार मिलेगा। बिहार राज्य में पीएमएसवाई के अंतर्गत मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि परियोजनाओं का भी उद्घाटन होना है।


