Sunday, June 21, 2026

BCCI ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का किया ऐलान, जानें IPL 2025 के बीच किन 34 खिलाड़ियों की हुई चांदी

Share

IPL 2025 के बीच बीसीसीआई ने 2024-25 सत्र के लिए केंद्रीय अनुबंध का ऐलान कर दिया है.

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 ks बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार, 21 अप्रैल को 2024-25 सत्र के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट और खिलाड़ी रिटेनरशिप की घोषणा की. 34 खिलाड़ी बीसीसीआई का अनुंबध पाने में कामयाब हुए, जिसमें टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली टी20I फॉर्मेट से संन्यास लेने के बावजूद ग्रेड ए+ में अपना स्थान बनाने में सफल हुए हैं.

रोहित और कोहली के अलावा, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को भी ग्रेड ए+ अनुंबध में नामित किया गया है. ग्रेड ए+ में शामिल खिलाड़ियों को बीसीसीआई द्वारा सबसे ज्यादा 7 करोड़ रुपये की सैलरी दी जाती है.

खिलाड़ी अनुबंध ग्रेड और सैलरी

  • ग्रेड ए+ – 7 करोड़ रुपये
  • ग्रेड ए – 5 करोड़ रुपये
  • ग्रेड बी – 3 करोड़ रुपये
  • ग्रेड सी – 1 करोड़ रुपये

श्रेयस अय्यर ईशान किशन की वापसी
श्रेयस अय्यर और ईशान किशन पिछले साल घरेलू मैचों में अनुपस्थिति के कारण लिस्ट से बाहर होने के बाद सेट्रल कॉन्ट्रेक्ट लिस्ट में वापस आ गए हैं. अय्यर की ग्रेड बी में रिटेनरशिप लिस्ट में वापसी हुई है. अय्यर के लिए यह साल काफी शानदार रहा, जिसमें उन्होंने बतौर कप्तान आईपीएल और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जीत दर्ज की. हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी खिताब में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी होने के बाद उन्हें मार्च के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया.

ऋषभ पंत हुए प्रोमोट
बता दें कि, पिछली बार 30 अनुबंधित खिलाड़ियों की तुलना में इस बार लिस्ट में 2 खिलाड़ी बढ़ गए हैं. ऋषभ पंत (जो पिछले साल तक ग्रेड बी में थे) को प्रोमोट किया गया है और उन्होंने अश्विन की जगह ग्रेड ए में जगह बनाई है. जबकि आर अश्विन इससे बाहर हो गए हैं क्योंकि उन्होंने पिछले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था.

इन युवा खिलाड़ियों की हुई चांदी
नितीश कुमार रेड्डी, आकाश दीप, अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा पिछले 12 महीनों में सभी फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले नए खिलाड़ी थे. आकाश दीप और नितीश रेड्डी टेस्ट के नियमित खिलाड़ी बन गए, जबकि राणा ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू किया. इसी तरह, चक्रवर्ती ने टी20I में बल्लेबाजों को परेशान करने के बाद वनडे में डेब्यू किया और भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि अभिषेक शर्मा ने संजू सैमसन के साथ टी20 ओपनर के रूप में अपनी जगह बनाई है.

खिलाड़ियों और ग्रेड कैटेगरी की लिस्ट :-

  • ग्रेड ए+: रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जड़ेजा
  • ग्रेड ए: मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद शमी, ऋषभ पंत
  • ग्रेड बी: श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, अक्षर पटेल
  • ग्रेड सी: रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, ईशान किशन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, मुकेश कुमार, ध्रुव जुरेल, सरफराज खान, रजत पाटीदार, नितीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, शिवम दुबे, रुतुराज गायकवाड़, वाशिंगटन सुंदर.

Virat Kohli and rohit sharma

Read more

Local News